सहारनपुर: देवबंद सड़क हादसे में ठेकेदार की मौत, आज आनी थी भतीजी की बरात; शादी की खुशियां मातम में बदलीं
देवबंद में रोहना टोल प्लाजा के पास नीलगाय से बाइक टकराने से ठेकेदार इखलाक उर्फ काका की मौत हो गई। वह भतीजी की शादी में शामिल होने गांव आ रहे थे।
विस्तार
सहारनपुर जनपद छुटमलपुर थानाक्षेत्र में गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार रात रोहना टोल प्लाजा के पास नीलगाय से टकराने के बाद बाइक सवार ठेकेदार की मौत हो गई। हादसे में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे। शनिवार को भतीजी की बरात आनी थी, लेकिन हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
नीलगाय से टकराई बाइक, मौके पर मौत
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव दतौली मुगल निवासी इखलाक उर्फ काका (44) शुक्रवार रात बाइक से गांव आ रहे थे। उनके साथ मोबीन भी बाइक पर सवार थे। रोहना टोल प्लाजा के पास अचानक बाइक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में इखलाक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोबीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर देवबंद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोबीन को उपचार के लिए सहारनपुर के मेडीग्राम अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: बदला मौसम का मिजाज: वेस्ट यूपी में रिमझिम बरसात ने दी गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट; दो दिन बारिश के आसार
भतीजी की शादी में शामिल होने आ रहे थे इखलाक
परिजनों के अनुसार इखलाक मुजफ्फरनगर में सड़क निर्माण की ठेकेदारी करते थे। शनिवार को उनकी भतीजी की बरात आनी थी और वह शादी में शामिल होने के लिए गांव आ रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
इखलाक के परिवार में पत्नी और 14 व 16 वर्ष के दो बेटे हैं।
गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक
परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के देर रात शव को लेकर गांव पहुंच गए। शनिवार सुबह करीब आठ बजे बेहद गमगीन माहौल में इखलाक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शादी वाले घर में हादसे के बाद परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर है।