सहारनपुर। पोषण अभियान के तहत बाल विकास विभाग की ओर से सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों के रिसोर्स समूह के सदस्यों को कुपोषण के खात्मे के लिए प्रशिक्षण दिया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने कहा कि शिशु को कुपोषण से बचाने के लिए जागरूकता की बेहद आवश्यकता है। दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी और प्रशिक्षक मोहम्मद अदनान ने प्रशिक्षण दिया।
डीपीओ आशा त्रिपाठी ने कंगारू मदर केयर तकनीक की जानकारी देते हुए कहा कि अगर कोई बच्चा समय से पहले पैदा जाए एवं स्तनपान न कर सके और उसका वजन दो किलोग्राम से कम हो तो, ऐसे में उस बच्चे को कंगारू मदर केयर की आवश्यकता पड़ती है। इसके तहत मां बच्चे को अपने छाती के पास रखती है, जिससे बच्चे को अतिरिक्त गर्मा हट मिलती है और आसानी से दूध भी पी लेता है। इसके साथ ही शिशु का संक्रमण से बचाव रहता है। यह प्रक्रिया एक स्वस्थ बच्चे को भी दी जा सकती है, जिससे उसके वृद्धि और विकास में काफी सुधार देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि कंगारू मदर केयर के बारे में मुख्य सेविकाएं आंगनबाड़ियों को प्रशिक्षण देंगी। कुपोषण से बचाव में यह एक महत्वपूर्ण तकनीकि प्रक्रिया है। इसके प्रति जागरूकता लाने की बेहद आवश्यकता है। इस दौरान अनीता सोनकर, राजेश कुमार, सुषमा श्रीवास्तव, रेखा कौशिक, संयोगिता, रविता, विमला शर्मा सहित मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के रिसोर्स समूह के सदस्य मौजूद रहे।