रामपुर मनिहारान। दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव घाटहेड़ा के पास कोहरे के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
रात नौ बजे गांव नंदपुर निवासी अंकुर(30) पुत्र विनोद, गुलाब (28) पुत्र भरत सिंह, राकेश (30) पुत्र करता राम बाइक पर सवार होकर गांव खटकाहेड़ी से अपने गांव नंदपुर लौट रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव घाटहेड़ा के पास पहुंचे तो कोहरे के चलते उनकी बाइक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों द्वारा इसकी सूचना थाना रामपुर मनिहारान पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए गुलाब व राकेश को सीएचसी भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित फरार हो गया। अंकुर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। देर रात पुलिस और परिजन सीएचसी में थे। जहां पंचनामा की कार्रवाई की जा रही थी। कोतवाली प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। यदि हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच जाती।