सहारनपुर में बड़ी वारदात: आधी रात युवकों ने घर में घुसकर युवती की गर्दन रेतकर की हत्या, गोली भी मारी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मंगलवार आधी रात को घर में घुसकर एक युवती की हत्या कर दी गई। बताया गया कि तीन युवकों ने घर में घुसकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मौके पर पहुंची है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में चिलकाना क्षेत्र के गांव चालाकपुर में युवती की हत्या कर दी गई। रात के समय तीन युवक युवती के घर में घुसे और उसकी गर्दन धारदार हथियार से रेत दी। इतना ही नहीं, युवती को गोली भी मारी, जो उसके हाथ में लगी। परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हत्या किसने और क्यों की है, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, गांव चालाकपुर निवासी मुशर्रफ के घर मंगलवार रात तीन बजे तीन युवक पहुंचे, जिन्होंने दरवाजा खटखटाया। मुशर्रफ की पत्नी लाली ने दरवाजा खोला। इसके बाद तीनों युवक घर में घुस गए।
यह भी पढ़ें: UP: मालिक पाकिस्तान में, बागपत में बिक गई 80 करोड़ की जमीन, 21 लोगों को नोटिस, लखनऊ में पेशी आज
लाली ने बताया कि घर में सो रही उसकी पुत्री महकारा(21) की धारदार हथियार से एक युवक ने गर्दन रेत दी। इतना ही नहीं, दूसरे युवक ने तमंचे से गोली चलाई, जो महकारा के हाथ में लगी।
इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजन ग्रामीणों की मदद से युवती को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
पता लगने पर थाना चिलकाना पुलिस ने मौके पर पंहुचकर जांच की। सीओ सदर अभितेष सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी की। सीओ अभितेष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवती की हत्या क्यों की कि गई है, इसकी जांच की जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध भी लग रहा है।