सहारनपुर। अंत्योदय कार्ड धारक (लाल राशन कार्ड) परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया है। जनपद में अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों के 54619 लोग योजना में शामिल हुए हैं। जिनमें से 10 हजार लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। सोमवार को टीबी सेनेटोरियम में 135 लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड सरकारी अस्पतालों के साथ ही सभी जनसेवा केंद्रों पर भी बन रहे हैं। जनसेवा केंद्रों पर कार्ड बनाने के लिए शुल्क निर्धारित है। ऐसे सभी परिवारों को चाहिए कि वह अपने कार्ड जरूर बनवा लें। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी पात्र अंत्योदय कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जा रहे हैं। सभी पूर्ति निरीक्षकों और राशन डीलरों को भी निर्देश दिए गए हैं। पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों का विकास बिना किसी भेदभाव के कर रही हैं। महानगर अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के बाद गरीब से गरीब व्यक्ति को बड़े और निजी अस्पतालों में इलाज का अवसर मिला है। कायक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. संजय यादव, शिवांका गौड़, डॉ. सुशील गुप्ता, संजय कश्यप, संदीप रावत, रेखा रोहिला, हिमांशु, निशांत, शुभम, बालेश्वर आदि मौजूद रहे।