सहारनपुर। कोरोना से एक और मरीज की मौत हुई, जिसके बाद जनपद में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब तक 437 पर पहुंच गई है। शुक्रवार को 143 नए संक्रमित मिले, जिनके बाद संक्रमितों का कुल आंकड़ा 32456 पर पहुंच गया है। उधर, शुक्रवार को 240 मरीज ठीक हुए, जिनके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 2557 रह गई है।
बृहस्पतिवार की शाम चार बजे से शुक्रवार की शाम चार बजे तक जनपद में कोरोना से एक मौत हुई। यह मौत राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में हुई। उधर, शुक्रवार को मिले 143 संक्रमितों में गंगोह के 11, वाजिदपुर, फैजाबाद, उमरीकलां, डायलेवाला के चार-चार, महमूदपुर तिवाया, पीएचसी मुस्तफापुर, ब्रदर्स कॉलोनी के तीन-तीन तथा जजनैर, बाढ़ी माजरा यमुनानगर, एनएनटी, बालूमाजरा, मिर्जापुर, पनियाली, दीनानाथ बाजार, गोविंदनगर, पीएचसी कढेला, बाबैल बुजुर्ग, हिम्मतनगर, पेपर मिल रोड, जिला जेल, पहलवानपुर, पहाड़पुर, सहारनपुर शहर के दो-दो मरीज शामिल हैं। यह लगातार 14वां दिन है, जब ठीक होने वालों की संख्या संक्रमित आने वालों से अधिक है। लगातार कम हो रहे संक्रमण को लेकर प्रशासन और चिकित्सा विभाग राहत की सांस ले रहा है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढी का कहना है कि संक्रमण कम भले ही हुआ है, मगर खतरा अभी बरकरार है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति लापरवाही ना बरते।