सहारनपुर। स्मार्ट सिटी के तहत चिह्नित एबीडी (एरिया बेस्ड डवलपमेंट) क्षेत्र में जल निगम की ओर से सीवर लाइन डाली जा रही है। अनेक जगहों पर सड़कें उखाड़कर छोड़ दी गई हैं, जिससे नागरिकों को परेशानी हो रही है। संबंधित पार्षदों ने जल निगम के एक्सईएन से मुलाकात कर नाराजगी व्यक्त कर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
पार्षद अभिषेक अरोड़ा उर्फ टिंकू, पार्षद गुलशेर, पार्षद इमरान सैफी, पार्षद चौधरी शहजाद आदि ने एक्सईएन पीके अग्रवाल को बताया कि वह सभी एबीडी क्षेत्र के वार्डों के पार्षद हैं। जल निगम की ओर से सीवर लाइन डालने का काम किया जा रहा है, जो बेहद धीमी गति से चल रहा है। अनेक जगहों पर सड़कों खोदकर छोड़ दी गई हैं। मानसून सिर पर है। ऐसे में हल्की सी बारिश में कीचड़ हो रहा है। जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां सीवर लाइन डाली जा चुकी है, वहां की सड़कों को जल्द से जल्द बनवाया जाए। इसके अलावा जहां लाइन डाली जानी है, वहां भी काम में तेजी लाई जाए। मिलने वालों में नगर विधायक प्रतिनिधि विपिन जैन, पार्षद गौरव चौधरी, पार्षद फजलुर्रहमान, अमजद इरशाद, रिहान अली, शाहरूख आदि शामिल रहे।