UP: सहारनपुर में गरजा बुलडोजर, नगर निगम ने कब्जामुक्त कराई चार करोड़ की भूमि, जमकर हुआ विरोध
Saharanpur News : अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित आवासीय सहकारी इंपीरियल आवास समिति में कम्युनिटी सेंटर की जमीन पर नेकीराम पुत्र तेलूराम द्वारा कब्जा किया गया था।
विस्तार
सहारनपुर में दिल्ली रोड स्थित आवासीय सहकारी इंपीरियल आवास समिति में कम्युनिटी सेंटर की जमीन पर बने मकान को तोड़ने के लिए पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे के विरोध के बाद सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नगर निगम ने भूमि को कब्जामुक्त कराया। इसके बाद भूमि पर नगर निगम की संपत्ति का बोर्ड लगा दिया। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि की कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित आवासीय सहकारी इंपीरियल आवास समिति में कम्युनिटी सेंटर की जमीन पर नेकीराम पुत्र तेलूराम द्वारा कब्जा किया गया था। नगरायुक्त के निर्देश पर 20 जून 2023 को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने गई थी, लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा उस समय कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई, जिससे उक्त दिवस में टीम लौट आई थी। नगरायुक्त द्वारा पुन: कार्रवाई के लिए एक नवंबर की तिथि तय की गई थी।
बुधवार को अतिक्रमण प्रभारी शिवराज सिंह के नेतृत्व में निगम के अधिकारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे तो अतिक्रमणकारियों ने निगम की टीम के साथ अभद्रता करते हुए विरोध किया। इस पर नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने अधिकारियों को जानकारी दी। जिस पर नगर मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ दिल्ली रोड स्थित इंपीरियल आवास समिति पहुंचे। पुलिस बल के सामने अतिक्रमणकारियों की एक नहीं चली।
सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर निगम कर्मचारियों द्वारा अतिक्रमणकारियों का सामान बाहर निकाल कर रखा गया। उसके बाद निगम अधिकारियों ने जेसीबी से अतिक्रमण ध्वस्त कराकर कम्युनिटी सेंटर की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान थाना सदर प्रभारी रमेश चंद सिंह, उप निरीक्षक देवेंद्र अधाना, निगम के अतिक्रमण प्रभारी व सहायक नगरायुक्त शिवराजसिंह, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, कर अधीक्षक साहब सिंह, प्रवर्तन दल के नरेश चंद, प्यार सिंह, हेमराज, शिव कुमार, प्रवीण, नबाबुद्दीन, प्रदीप, रणदीप, जगपाल व विक्रम तथा अनेक महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रही।
यह भी पढ़ें: Meerut: करवा चौथ के दिन जीजा संग फरार हुई पत्नी, पति ने फिर भी रखा व्रत, बोला-अब करूंगा ये प्रार्थना
अंकल हमारा घर मत तोड़ो
जिस समय नगर निगम की टीम मकान को तोड़कर कब्जामुक्त कर रही थी तब उस परिवार के बच्चे वहां पर खड़े होकर रोने-बिलखने लगे। वह बार-बार अधिकारियों से गुहार लगाते रहे कि अंकल हमारा घर मत तोड़ो।
यह भी पढ़ें: पत्नी की बेवफाई: करवा चौथ की शॉपिंग करने आई पति के साथ, चकमा देकर जीजा संग फरार, 16 माह का बेटा भी ले गई