सहारनपुर। तहसील बेहट के ग्राम बिहारीगढ़ (थापुल इस्माइलपुर) में राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट की सरकारी जमीन का फर्जी बैनामे के आधार पर अवैध कब्जा करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इस बारे में प्रमुख सचिव (राजस्व) को शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही एक अधिकारी के पीए पर भी आरोपियों का सहयोग करने का आरोप लगाया है।
शिकायत करने वाले देवेंद्र कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि बिहारीगढ़ में भूूमाफिया द्वारा सरकारी जमीन के फर्जी बैनामे के आधार पर कब्जा की कोशिश की गई थी और खतौनी में नाम तक चढ़वा लिए थे। इस जमीन की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम बेहट ने जांच की और अभिलेखों में कूटरचित नामों को खारिज कर दिया, लेकिन अभी तक भूमाफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। मांग है कि भूमाफिया को सरकारी भूमि कब्जाने की कोशिश में सहयोग करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई कर्मी ऐसा ना करने पाए। इस शिकायत की प्रतिलिपि मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। यह भी पता चला है कि इस प्रकरण की जांच जब पूर्व में हुई थी तो, फर्जी बैनामे के आधार पर अभिलेख में नाम दर्ज होने को लेकर कार्रवाई की संस्तुति के साथ शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी।