सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को कोविड-19 के लिए निर्धारित प्रोटोकाल का पालन कराने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक कार्यक्रमों में फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर एवं हैंडवॉश की उपलब्धता की अनिवार्यता के साथ अनुमति प्रदान की जाए।
मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय पर आयोजित वर्चुअल बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि अस्पतालों में बेड की संख्या के अनुपात में मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सभी जिलाधिकारी श्मशान घाट का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर कोविड टेस्ट करने के लिए स्टेटिक टीम की व्यवस्था करने, टेस्टिंग और ट्रेसिंग में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। इंटीग्रेटेड कोविड सेंटर (आईसीसीसी) में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्साधिकारी संयुक्त बैठक करें। कोविड अस्पतालों में मरीजों को अच्छी गुणवत्ता वाला पौष्टिक भोजन दिया जाए। पुलिस उप महानिरीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि अधिक मतदाता वाले बूथों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरंतर भ्रमण कर प्रत्याशियों से भी संवाद किया जाए।