सहारनपुर। कृषि मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को भाजपा द्वारा तैयार कराई गई सहारनपुर की ई-बुक का ऑनलाइन विमोचन किया। साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
मंगलवार को विमोचन करते हुए शाही ने कहा कि कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा जो सेवा कार्य किये गए हैं, वह आने वाली पीढ़ी के लिए अपने आप में आदर्श हैं। भाजपा राजनीति के साथ समाज में बदलाव व समाज सेवा का काम करती है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है। इस सप्ताह को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। 14 सितंबर से विभिन्न कार्यक्रम शुरू होंगे, जो दो अक्तूबर तक चलेंगे। सात दिन सेवा सप्ताह के तहत कार्यक्रम होंगे। इनमें रक्तदान शिविर, पौधरोपण होगा, गरीबों को चश्मे बांटे जाएंगे, स्वच्छता अभियान चलेगा, दिव्यांगजनों को उपकरण सहित अनेक कार्यक्रम होंगे। विमोचन कार्यक्रम में आयुष राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, उपभोक्ता सहकारी संघ के चेयरमैन संजीव गोयल सिक्का, पिछड़ा आयोग के चेयरमैन जसवंत सैनी, यूनानी बोर्ड चेयरमैन डा. सुभाष शर्मा, सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, बृजेश सिंह, कीरत सिंह, महापौर संजीव वालिया, डीसीबी चेयरमैन राजपाल सिंह, डीसीडीएफ चेयरमैन कृष्ण कुमार पुंडीर, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सांसद राघवलखन पाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर आदि शामिल रहे।