सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच स्थापित करने की मांग को लेकर दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन और सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि 22 जनपदों के अधिवक्ता पिछले करीब 40 वर्षों से इस मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। दीवानी और कलक्ट्रेट के अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत भी रहे।
बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री और केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश से काफी दूरी पर है। इस दूरी के चलते आम आदमी के लिए न्याय पाने के लिए हाईकोर्ट जाना काफी खर्चीला रहता है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बैंच की स्थापना के लिए चल रहे आंदोलन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आम जनता के साथ ही राजनीतिक दलों, व्यापारियों और किसान एवं मजदूरों पर समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट स्थापित होने से इस क्षेत्र के लोगों के लिए न्याय पाना अधिक सुलभ होगा। दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन और सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन से जुडे़ अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों से विरत भी रहे। इस दौरान सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पुंडीर, महासचिव नितिन कुमार शर्मा, दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह, महासचिव रणवीर सिंह राठौर, विजय कुमार, हुकुम सिंह वर्मा, ऋषिपाल सिंह, ज्ञान सिंह पुंडीर, महावीर सिंह, अस्मित कौर, अरविंद सैनी, अशोक शर्मा, जसवीर सिंह, अरुण चौधरी आदि मौजूद रहे।