UP: शादी के दो महीने और उजड़ गई दुनिया, फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, धरने पर बैठे पीड़ित परिजन
Saharanpur News : शादी के दो महीने बाद ही नवविवाहिता की दुनिया उजड़ गई। फांसी के फंदे पर महिला का शव लटका मिला। उधर, कार्रवाई की मांग को लेकर मायके वाले पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में मोहल्ला गोपालनगर स्थित मकान में नवविवाहिता फांसी पर लटकी मिली, जबकि पति और ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। लुधियाना से मायके पक्ष के लोग भी यहां पहुंच गए, जिन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
जनपद लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र के मोहल्ला शिमलापुरी निवासी नवविवाहिता के पिता राजकुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। राजकुमार ने बताया कि दो माह पूर्व उसने अपनी पुत्री खुशी (22) की शादी गोपालनगर निवासी शानू पुत्र जगदीश के साथ की थी। आरोप है कि शादी में उसने दहेज का काफी सामान दिया था, लेकिन इसके बाद भी पति शानू और पुत्री की सास व ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे परेशान करते थे। खुशी के साथ मारपीट भी की गई। कई बार रिश्तेदारों ने मामले में समझौता कराया।
सोमवार की दोपहर जालंधर निवासी खुशी की बहन प्रिया को मोहल्ले के लोगों ने फोन पर जानकारी दी कि खुशी की मौत हो गई, जिसके बाद लुधियाना से मायके पक्ष के लोग सहारनपुर पहुंच गए। घर से पति शानू, उसका पिता जगदीश और मां सरोज गायब मिले। घर में खुशी का शव फांसी पर लटका हुआ था। राजकुमार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
यह भी पढ़ें: UP: विद्युत विभाग की गलती महिला पर पड़ी भारी, बिजली का बिल देख हुई बेहोश, अस्पताल में हालत नाजुक
राजकुमार का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले उसकी पुत्री का गला दबाकर हत्या की और फिर शव को फंदे पर लटका दिया। ताकि हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर से फरार हैं।
धरने पर बैठ गए परिजन
राजकुमार ने दोपहर ही आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पोस्टमार्टम कराने में पुलिस ने देरी कर दी। इसके विरोध में परिजन पोस्टमार्टम हाऊस के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारे भी लगाए। पता लगने पर पुलिस ने उन्हें शांत कराया और तत्काल प्रभाव से शाम के समय शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें: Nikay Chunav 2023: भाजपा ने 21 मुस्लिम प्रत्याशी उतारे चुनावी मैदान में, यहां देखिए पूरी लिस्ट
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पुलिस के व्यस्त होने के चलते पोस्टमार्टम में कुछ देरी हो गई थी।