Saharanpur: बच्ची का अपहरण, पांच घंटे बाद ईंख के खेत से बदहवास हालत में मिली मासूम, डॉक्टर ने किया रेफर
Saharanpur News : सहारनपुर में मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया। करीब पांच घंटे बाद बच्ची बदहवास हालत में ईंख के खेत में पड़ी मिली। सीएचसी से बच्ची को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के लखनौती में थाना गंगोह क्षेत्र के एक गांव की चार वर्षीय बच्ची का किसी ने अपहरण कर लिया। ग्रामीणों व पुलिस ने रातभर बच्ची की तलाश की। करीब पांच घंटे बाद बच्ची ईंख के खेत में बदहवास हालत में मिली। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई है।
उधर, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को सीएचसी से जिला अस्पताल में रेफर किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी चार वर्षीय बच्ची अपने परिजनों के साथ धार्मिक स्थल के भंडारे से देर रात घर लौट रही थी। तभी बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए देर रात तक छानबीन की। परिजनों ने रिश्तेदारी में फोन किया, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और रातभर बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला। लेकिन देर रात तक बच्ची नहीं मिल सकी। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि दूसरे समुदाय के एक युवक को उन्होंने बच्ची को ले जाते देखा है। पुलिस ने तभी आरोपी को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: बंद कमरे में मिला युवक का शव, सिर पर मिले चोट के निशान, साथी फरार, हत्या की आशंका
वहीं, आरोपी की निशानदेही पर ईंख के खेत से बच्ची को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: बेटियों पर आफत: छात्राओं के पीछे चाकू लेकर दौड़े सिरफिरे, ऐसे बचाई जान, प्रधानाचार्य ने थाने में दी तहरीर