नाला निर्माण बना मुसीबत: 10 दिन से घरों में कैद 42 परिवार, नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ हंगामा
मोदीपुरम की सुभाष कॉलोनी में नाला निर्माण से 42 परिवारों का आवागमन करीब 10 दिन से प्रभावित है। लोगों ने नगर निगम और ठेकेदार पर अनियमितता का आरोप लगाया।
विस्तार
मोदीपुरम की रुड़की रोड स्थित सुभाष कॉलोनी में नाला निर्माण को लेकर लोगों ने मंगलवार को नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ हंगामा किया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि निर्माण के कारण मुख्य रास्ता बंद हो गया है और करीब 42 परिवार पिछले 10 दिन से परेशान हैं। लोगों ने नाला निर्माण का काम रुकवाने की मांग की।
10 दिन से आवागमन प्रभावित
नाला निर्माण के कारण कॉलोनी का रास्ता बाधित है। लोगों का कहना है कि वे अपने वाहन घरों से बाहर नहीं निकाल पा रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है। कॉलोनी निवासी जितेंद्र बालियान ने बताया कि पहले नाला करीब छह फुट चौड़ा था।
नाले की चौड़ाई घटाने का आरोप
कॉलोनीवासियों के अनुसार मेट्रो निर्माण के दौरान मुख्य गेट के पास 1806-एल पिलर खड़ा किया गया था। अब नगर निगम के ठेकेदार द्वारा नाले का दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि नाले की चौड़ाई घटाकर करीब चार फुट कर दी गई है।
लोगों का आरोप है कि बची हुई जगह का लाभ आसपास के दुकानदारों को दिया जा रहा है। दुकानों के सामने नाले पर लेंटर डाल दिए गए हैं, जबकि कॉलोनीवासियों के आने-जाने के लिए पुलिया तक नहीं बनाई गई है।
मलबे से बंद हुआ मुख्य रास्ता
कॉलोनीवासियों ने बताया कि नाला निर्माण का मलबा मुख्य गेट के सामने डाल दिया गया है। इससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। लोगों का कहना है कि वाहनों के बाहर नहीं निकल पाने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
आपात स्थिति में परेशानी की चिंता
लोगों ने कहा कि रास्ता बंद होने से आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी कॉलोनी के अंदर नहीं पहुंच पाएगी। इसे लेकर परिवारों में चिंता है।
पेड़ों और जलभराव को लेकर भी चिंता
कॉलोनीवासियों के अनुसार वन विभाग और नगर निगम की ओर से कॉलोनी के बाहर खड़े पेड़ों पर कटान के निशान लगाए गए थे। लोगों का कहना है कि पेड़ काटे बिना ही ठेकेदार ने नाला निर्माण शुरू कर दिया।
लोगों ने आशंका जताई कि भविष्य में बारिश के दौरान इससे जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने पिलर के दोनों ओर 20-20 फुट रास्ता और पुलिया बनाने की मांग की।
दुकानदारों के कब्जे हटाने की मांग
कॉलोनीवासियों ने दुकानदारों के कब्जे हटाकर नाले को पुराने स्वरूप में लाने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।