सहारनपुर: थप्पड़ मारने के विवाद में 17 वर्षीय किशोर की मौत, रात में बिगड़ी हालत; आरोपी और पिता हिरासत में
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के रणखंडी गांव में थप्पड़ मारने को लेकर हुए विवाद के बाद 17 वर्षीय मनु प्रताप की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी किशोर और उसके पिता को हिरासत में लिया है।
विस्तार
सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र के रणखंडी गांव में दो किशोरों के बीच थप्पड़ मारने को लेकर हुआ विवाद दुखद घटना में बदल गया। मारपीट के बाद 17 वर्षीय मनु प्रताप की हालत रात में बिगड़ गई। परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में आरोपी किशोर और उसके पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थप्पड़ मारने को लेकर हुई थी कहासुनी
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को रणखंडी गांव निवासी मनु प्रताप की पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय किशोर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान थप्पड़ मारने को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। बताया गया कि घटना में मनु को अंदरूनी चोट आई थी।
मारपीट के बाद मनु की हालत देर रात बिगड़ गई। परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची।
एसपी देहात और सीओ पहुंचे गांव
घटना की सूचना पर एसपी देहात मयंक पाठक और सीओ अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ रणखंडी गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली।
आरोपी किशोर और पिता हिरासत में
सीओ अमित कुमार सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपी किशोर और उसके पिता को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।
मनु की मौत के वास्तविक कारणों और मारपीट से उसकी मौत के संबंध की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।