गंगोह (सहारनपुर)। पुलिस मुठभेड़ में घायल 15 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने घायल होने के बाद धर दबोचा। मुठभेड़ में गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हो गया है। पुलिस ने सिपाही और बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना प्रभारी के अनुसार शनिवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने नकुड़ से आने वाली एक बाइक को रोकने का प्रयास किया। बाइक सवारों ने रुकने के बजाय वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। बदमाशों की गोली से कांस्टेबिल अजय राठी घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो पुलिस की गोली से बदमाश गंगोह के मुहल्ला गुज्जरवाडा निवासी कालू पुत्र फसी घायल हो गए। जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। घायल बदमाश व पुलिसकर्मी को सीएचसी से प्राथमिक चिकित्सा देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो कारतूस व तीन खोखे बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाश पर 15 हजार का इनाम था। टीम में कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह, एसआई विनीत कुमार, सतीश कुमार, कांस्टेबल तरुण, जितेंद्र कुमार, अंकुर व अजय राठी शामिल रहे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर लूट चोरी आदि के दस मुकदमे गंगोह कोतवाली और एक मुकदमा नकुड़ कोतवाली में दर्ज है।