सहारनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महंगी में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में बनाई गई जांच समिति ने अभी तक अपनी रिपोर्ट डीएम को नहीं सौंपी है। हालांकि एडीएम प्रशासन अर्चना द्विवेदी ने अपनी जांच पूरी कर ली है, मगर अभी सीएमओ की जांच रिपोर्ट अधूरी है। शुक्रवार यानि आज जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाने की उम्मीद है। उधर, चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती 13 में से 12 छात्राओं के स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया है। अभी वहां भर्ती छात्रा सिमरन का उपचार चल रहा है। इधर, जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती तीनों छात्राओं की हालत में भी सुधार होने पर उन्हें भी डिस्चार्ज कर दिया गया है।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय महंगी में रविवार रात को दूषित भोजन खाने से 30 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। इन छात्राओं को जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज पिलखनी और पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने भी मौका मुआयना कर जानकारी ली थी। किस कारण से छात्राओं की हालत बिगड़ी इसके लिए उन्होंने एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई थी। हालांकि जांच समिति को 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी जांच समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट अभी डीएम को नहीं सौंपी है।