PM Modi Virtual Rally: पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधन में किया विपक्ष पर हमला, कहा- इनको गलती से भी मौका मिला तो खेत लहूलुहान होंगे
पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि वोट डालने से पहले इनकी करतूतों को कभी भी मत भूलना। इनको गलती से भी मौका मिल गया तो फिर खेत लहुलुहान होंगे।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रैली के जरिए रामपुर समेत 15 विधानसभा क्षेत्रों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी के कामों की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के लिए अब बस 2 दिन शेष हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाई-बहन, हमारी माताएं, हमारे युवा, बेटियां, किसान, उद्यमी कमल का बटन दबाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमारा ट्रैक रिकॉर्ड कचरे से कंचन बनाने का है। उनका ट्रैक रिकॉर्ड कंचन को भी कचरा बनाने का है। यही प्राथमिकताओं का फर्क है। यही 2017 से पहले और आज का फर्क है।
पीएम मोदी ने योगी सरकार की नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पांच साल पहले की तुलना में, अब यूपी में इथेनॉल उत्पादन काफी ज्यादा हो रहा है। इस दौरान लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का इथेनॉल गन्ना किसानों से खरीदा गया है। आज यूपी के कोने-कोने में बायोफ्यूल बनाने वाल फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि वोट डालने से पहले इनकी करतूतों को कभी भी मत भूलना। इनको गलती से भी मौका मिल गया तो फिर खेत लहुलुहान होंगे, फिर दुकानें जलेंगी, फिर डर और खौफ का वो काल लौटेगा। ये लोग सत्ता पाने के लिए जिस प्रकार के खेल खेल रहे हैं, उनको अपने कारनामों का कोई अफसोस नहीं है, इसलिए वैसे ही उम्मीदवार दिए हैं। इनके उम्मीदवारों के नाम पढ़कर ही पता चल जाएगा कि उनकी सोच क्या है।
मोदी बोले- यूपी ने भरी है हुंकार, एक बार फिर योगी सरकार
पीएम मोदी ने कहा कि आपका जोश बता रहा है कि आप सभी एकजुट होकर एक सही फैसला लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने नारा दिया कि यूपी में मैं देख रहा हूं कि यूपी ने है भरी हुंकार, एक बार फिर योगी सरकार।
उन्होंने कहा कि जिन नकली समाजवादियों ने दलितों की जमीन पर कब्जे किए, उनको आज वोट के लिए बाबा साहेब आंबेडकर याद आ रहे हैं। लेकिन इन लोगों की सच्चाई ये है कि ये लोग भूमाफिया को टिकट दे रहे हैं। ये लोग बाबा साहेब का अपमान करने वालों को टिकट दे रहे हैं। यही कारण है कि हर चुनाव में भाजपा पहले से अधिक समर्थन के साथ लौटती हैं।
पीएम मोदी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की महिलाएं, माताएं, बहनें, बेटियां भी जानती हैं कि भाजपा सरकार कैसे उनके हितों के लिए काम करती है। आपका एक एक वोट यूपी को दंगा मुक्त रखेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। ये डबल इंजन सरकार की नीति भी है और निष्ठा भी है। याद रखिए, दबंगों और दंगाइयों से मुक्ति भाजपा का सबसे बड़ा कमिटमेंट है। हमें शांति, भाईचारा, एकता चाहिए, हमें हमारे बेटे-बेटियों का उज्जवल भविष्य चाहिए।