शाहबाद (रामपुर)। नदी में नहाने के दौरान दो बालिकाएं और एक किशोरी डूब गईं। इस दौरान दो बालिकाएं तो किसी तरह बाहर निकल आईं, लेकिन किशोरी की डूबकर मौत हो गई। दोनों बालिकाओं ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी ढूंढने बाद किशोरी के शव को नदी से निकाला। बेटी का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, बच्ची के परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर परिजनों को सौंप दिया।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के ललवारा गांव निवासी महफूज की 16 वर्षीय बेटी फिजा, राशिद की सात वर्षीय बेटी शान बी और नियमुद्दीन की आठ वर्षीय बेटी सानिया रविवार दोपहर को रामगंगा नदी किनारे खेलने गईं थीं। इस दौरान तीनों नदी में नहाने चली गईं। इस दौरान तीनों नदी में ही खेलने में लग गई। तीनों के पैर गहरे पानी में चले गए। इस दौरान शान बी और सानिया तो किसी तरह नदी के बाहर निकल आईं, लेकिन फिजा गहरे पानी के में डूब गई। कुछ देर तक फिजा बाहर नहीं आई, तो दोनों बच्चियां गांव पहुंच गईं और परिजनों को जानकारी दी। बच्चियों की बात सुनने के बाद उनके परिजन और गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ग्रामीण नदी में कूद गए। काफी देर तक बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया, जिसके बाद फिजा का शव मिल गया। ग्रामीणों से फिजा का शव बाहर निकाला। उधर, सूचना पाकर सैफनी चौकी इंचार्ज प्रवीण कटियार और तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। ऐसे में शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, बेटी का शव देख परिजनों में चीख पुकार मच गई।