पराली जलाने पर सख्ती: दो हजार किसानों को 15-15 हजार रुपये जुर्माने का अग्रिम नोटिस, इस जिले में हुई कार्रवाई
प्रदूषण की रोकथाम के लिए रामपुर प्रशासन ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की है। इसके अलावा दो हजार किसानों को अग्रिम जुर्माने का नोटिस दिया गया है। विभिन्न गांवों में अधिकारियों ने किसानों और लोगों के साथ बैठक भी की।
विस्तार
प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। एसडीएम, तहसीलदार, दोनों नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी ने पांच-पांच गांवों में बैठक करके किसानों से पराली न जलाने की अपील की। वहीं सभी राजस्व गांवों में कानूनगो व लेखपालों ने दो हजार किसानों को 15-15 हजार जुर्माने के अग्रिम नोटिस जारी किए हैं।
इसमें धान समेत सभी खरीफ फसलों व गन्ने के अवशेष को न जलाने की बात कहीं गई है। नोटिस में शासन के निर्देशों व वैधानिक प्रावधानों से अवगत कराया गया है। उनके द्वारा यदि पराली नहीं जलाई जाती है तो जुर्माने का यह नोटिस स्वत: समाप्त हो जाएगा।
इसके अतिरिक्त डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने नगरिया कलां, धावनी हसनपुर, कोठा जागीर, पिपलिया गोपाल, खोदलपुर में बैठक की। तहसीलदार निश्चय कुमार ने टैमरा, लालपुर, बौसेना, अंबरपुर, कचनाल, नायब तहसीलदार राजेश कुमार सिंह यादव ने खाता, सिरसखेड़ा, उधमपुर, खानपुर, दलकी, नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह ने अहरो, टेहरी ख्वाजा, करसोला, महतोष, वमनपुरा में बैठक की।
इसके अलावा खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने मानपुर ओझा, गोकुल नगरी, कोटा अलीनगर, हजरतपुर गांव में बैठक कर ग्रामीणों से पराली न जलाने की अपील की। एसडीएम ने बताया इसके अलावा राजस्व गांवों में राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों ने भी बैठक कर दो हजार नोटिस वितरित किए हैं।
पराली न जलाने को लेकर बैठक
शाहबाद में किसानों द्वारा खेतों में फसल के अवशेष की पराली न जलाने को लेकर अधिकारियों ने क्षेत्र के कई गांवों में किसानों के साथ बैठक की। एसडीएम अनुराग सिंह द्वारा शाहबाद के ग्राम रेवडीकलां, रूस्तमपुर, भरतपुर, बमनपुरी, खरसौल, ढकुरिया, शाहदरा, तालकाबाद, जाहिदपुर, गलपुरा में किसानों के साथ बैठक की।
सभी किसानों से पराली न जलाने को कहा। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि यदि समझाने के बावजूद भी कहीं कोई किसान पराली जलाते मिलते है, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार शिव कुमार शर्मा द्वारा ग्राम भगवन्तपुर, बन्दार, चतरपुर तथा नायब तहसीलदार विश्वास दीक्षित द्वारा ग्राम रवाना, बडागांव, मंगोली, भीतरगांव, मंडेयान बदे, ढकिया, पट्टी फाजिलाबाद, धुरियाई में पहुंचकर बैठक की।