Rampur Lok Sabha seat: भाजपा, सपा और बसपा उम्मीदवारों ने करवाया नामांकन, निर्दलीय भी मैदान में डटे
रामपुर लोकसभा सीट से बीजेपी, सपा और बसपा के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। दूसरी तरफ निर्दलीय भी मैदान में जमे हुए हैं। नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के लिए चल रहे नामांकन कराने के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी, सपा प्रत्याशी मोहिबुल्लाह नदवी व आसिम राजा और बसपा प्रत्याशी जीशान खां समेत 13 लोगों ने नामांकन दाखिल कराया। मंगलवार और बुधवार को कुल 18 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन दाखिल करने का काम पूरा होने के बाद अब बृहस्पतिवार आज नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया इन दिनों चल रही है। बुधवार को नामांकन कराने का आखिरी दिन था।
आखिरी दिन भी कलक्ट्रेट में सुबह 11 बजे से नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हुआ जो कि अपराह्न तीन बजे तक चला। आखिरी दिन कुल 13 लोगों ने नामांकन दाखिल किए, जबकि मंगलवार को पांच लोगों ने नामांकन किया था।
बुधवार को नामांकन दाखिल कराने के लिए दोपहर करीब 12 बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी पहुंचे, जहां उन्होंने डीएम की मौजूदगी में नामांकन के तीन सैट दाखिल किए।
उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना और पैक्स पैड के पूर्व चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल मौजूद रहे। इसी तरह समाजवादी पार्टी की ओर से दो नेताओं ने पर्चे दाखिल किए।
पार्टी की ओर से मोहिबुल्लाह नदवी ने 2:15 बजे नामांकन दाखिल किया। सपा नेता आजम खां के करीबी आसिम राजा ने 2:45 बजे नामांकन दाखिल किया। मोहिबुल्लाह नदवी और आसिम राजा ने नामांकन के दो-दो सैट दाखिल किए।
इसके साथ ही बसपा की ओर से जीशान खां ने दोपहर एक बजे अपना नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक से और अब्दुल सलाम ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल किया।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महमूद प्राचा ने भी प्रार्चा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। उन्होंने भी नामांकन के दो सैट दाखिल किए। दिन भर चली नामांकन प्रक्रिया के तहत कुल 13 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। इस तरह अब तक कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। नामांकन पत्रों की जांच का काम बृहस्पतिवार को होगा।
आखिरी दिन इन्होंने कराया पर्चा दाखिल
घनश्याम सिंह लोधी भाजपा
मोहिबुल्लाह नदवी सपा
आसिम राजा सपा
जीशान खां बसपा
प्रदीप कुमार गौतम निर्दलीय
अरशद वारसी माइनार्टीज डेमोक्रेटिक पार्टी
गिरवर सिंह निर्दलीय
मोइन खां आजाद अधिकार सेना पार्टी
महमूद प्राचा निर्दलीय
रियासत अली भारत जोड़ो पार्टी
फैज मोहम्मद खां निर्दलीय
चंद्रपाल सिंह आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक
अब्दुल सलाम निर्दलीय
नामांकन पत्रों की जांच 28 को
नामांकन दाखिल करने का काम निपट जाने के बाद अब नामांकनपत्रों की जांच का काम बृहस्पतिवार को शुरू होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच का काम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। नामांकन पत्रों की जांच केबाद नाम वापसी का काम होगा।
चुनावी मैदान में अब 18 प्रत्याशी
रामपुर लोकसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिए कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सपा से दो उम्मीदवार सामने आए हैं। इसके अलावा घनश्याम सिंह लोधी भाजपा से, मोहिबुल्लाह नदवी और आसिम राजा सपा से, बसपा से जीशान खां के अलावा प्रदीप कुमार गौतम निर्दलीय, अरशद वारसी माइनार्टीज डेमोक्रेटिक पार्टी, गिरवर सिंह निर्दलीय, मोइन खां आजाद अधिकार सेना पार्टी, महमूद प्राचा निर्दलीय, रियासत अली भारत जोड़ो पार्टी, फैज मोहम्मद खां निर्दलीय, चंद्रपाल सिंह आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक, अब्दुल सलाम निर्दलीय, सिफात अली परचम पार्टी ऑफ इंडिया, अशोक कुमार निर्दलीय, शिव प्रसाद निर्दलीय, जगत सिंह जनसेवा सहायक पार्टी, अब्दुल कादर लेबर पार्टी ऑफ इंडिया शामिल हैं।