Rampur Lok Sabha By-poll: आरोप-प्रत्यारोप के बीच रामपुर में 41.01 फीसदी मतदान, कई जगह पुलिस से जूझे लोग
मानपुर ओझा में ग्रामीणों ने मतदान करने गए दो दिव्यांग मतदाताओं को पीटने का आरोप पुलिस पर लगाकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मतदान के बहिष्कार की घोषणा कर दी।
विस्तार
लोकसभा उपचुनाव में बृहस्पतिवार को आरोप-प्रत्यारोप के बीच शाम तक जिले में महज 41.01 प्रतिशत मतदान हुआ। वोट न डालने देने का आरोप लगाते हुए लोग जगह-जगह पुलिस से नोकझोंक करते नजर आए। ऐसे आरोप लगाते लोगों और भीड़ जुटाने वालों को पुलिस ने डंडे लेकर दौड़ाया। टांडा में ऐसी ही एक नोकझोंक के दौरान पुलिस ने एक शख्स को पीट दिया। अधिकारियों ने सभी जगह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान का दावा किया है। कहा है कि भीड़ जुटाने वालों पर ही पुलिस ने सख्ती की है। दो स्थानों पर निजी मुद्दों को उठाते हुए मतदान बहिष्कार का एलान भी किया गया लेकिन अफसरों ने समझाकर शाम होने तक लोगों को मतदान के लिए रजामंद कर लिया।
टांडा में तमाम लोगों ने पुलिस पर मतदान न करने देने और पीटने का आरोप लगाया। सूचना पर सपा प्रत्याशी, प्रेक्षक और मुरादाबाद के डीआईजी शलभ माथुर मौके पर पहुंचे। सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने डीआईजी से शिकायत की। डीआईजी ने निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिया।
मानपुर ओझा में ग्रामीणों ने मतदान करने गए दो दिव्यांग मतदाताओं को पीटने का आरोप पुलिस पर लगाकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मतदान के बहिष्कार की घोषणा कर दी। एसडीएम व सीओ भी पुलिस बल के साथ समझाने मौके पर पहुंचे लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में पहुंचे प्रदेश के राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख व ब्लॉक प्रमुख ने सभी ग्रामीणों को समझाकर मतदान शुरूकराया। विकास न कराने का आरोप लगाते हुए मजरा नरसुआ में ग्रामीणों ने मतदान के बहिष्कार की घोषणा कर दी। ब्लॉक प्रमुख ने विकास कराने का भरोसा देकर पांच घंटे बाद मतदान शुरू कराया। मुकुटपुर में चकबंदी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मतदान के बहिष्कार का एलान किया। शाहबाद के एसडीएम गांव में पहुंचे। उनके समझाने पर करीब दो घंटे बाद मतदान शुरू हो सका।
वोटर लिस्ट और पर्चियों के साथ तीन दबोचे
लोकसभा उपचुनाव में पुलिस और प्रशासन के अफसर हर मौके पर सख्ती बरतते नजर आए। एक सूचना पर एसडीएम व सीओ ने अहरो गांव में मतदान केंद्र के समीप एक गोदाम में छापा मारा। वहां से तीन लोगों को चुनाव सामग्री समेत दबोच लिया। उनके पास से वोटर लिस्ट और मतदाताओं को वोट डालने जाते वक्त दी जाने वाली पर्चियां मिली हैं।
जेठानी की जगह फर्जी मतदान करने पहुंची महिला को हिरासत में लिया
बिलासपुर के एसडीएम व सीओ ने मोहल्ला विशारतनगर स्थित बूथ एक महिला को पकड़ लिया। वह अपनी जेठानी का वोट डालने के लिए आई थी। पूछताछ की तो महिला ने स्वीकार कर लिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और पुलिस उसे कोतवाली ले आई।
वायरल होती रहीं वोट डालने की फोटो व वीडियो
लोकसभा उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया को गोपनीय रखने की बात सेल्फी, फोटो और वीडियो के शौक ने पीछे छोड़ दी। कई लोगों ने मतदान करते समय फोटो खींचकर या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की। ऐसी तस्वीरें व वीडियो वायरल भी हुईं।