रामपुर: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर घने कोहरे में टकराए आठ वाहन, दो लोग घायल, एक घंटे रहा जाम
शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज गांव निवासी संतोष कंटेनर में सामान लेकर जा रहा था। इस दौरान शहजादनगर थाना क्षेत्र में धमोरा गांव के पास कोहरे के कारण कंटेनर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इसी के पीछे वाहन टकराते चले गए।
विस्तार
सोमवार सुबह शहजादनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर घने कोहरे के कारण आठ वाहन टकरा गए। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं हादसे के करीब एक घंटे तक हाईवे जाम की गिरफ्त में रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर वाहनों को हटाया। इसके बाद जाम खुल सका।
शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज गांव निवासी संतोष कंटेनर में सामान लेकर जा रहा था। इस दौरान शहजादनगर थाना क्षेत्र में धमोरा गांव के पास कोहरे के कारण कंटेनर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इसके बाद एक बाइक सवार युवक बरेली जिले के इज्जतनगर निवासी सौरभ कंटेनर से टकरा गया। इसके पीछे मुरादाबाद के पैरामेडिकल एंड नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष कुमार की कार टकरा गई।
इसी बीच बरेली से लौट रहे नितिन की कार टकरा गई। इसमें उनकी पत्नी और बच्चे सवार थे। इस बीच एक-एक कर आठ वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में संतोष और सौरभ घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मौके पर काफी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर एक घंटे बाद हाईवे को सुचारू रूप से चालू कराया। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक का कहना है कि आठ वाहन आपस में टकराए थे । दो लोग घायल हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।