Rampur: डेंगू के डंक ने पसारे पैर, नरपतनगर में महिला समेत तीन लोगों की मौत, दर्जनों लोगों का चल रहा इलाज
तीन मौतें होने के बाद नरपतनगर-दूंदावाला में लोग दहशत में हैं। बताया जाता है कि लगभग छह बुखार पीड़ितों का इलाज उत्तराखंड के काशीपुर एवं बाजपुर के अस्पतालों में चल रहा है।
विस्तार
रामपुर के स्वार नगर पंचायत नरपतनगर डेंगू जानलेवा बन गया है। बृहस्पतिवार को एक महिला समेत तीन लोगों की डेंगू से मौत हो गई। नगर में बुखार पीड़ित 12 लोगों का स्थानीय एवं उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में इलाज चल रहा है। एक दिन में तीन मौतों से नगर में दहशत बनी हुई है। नगर के मोहल्ला आलू मंडी निवासी 35 वर्षीय जाकिर अली को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था।
उसने पहले तो स्थानीय डॉक्टरों से दवाई ली लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए उत्तराखंड के बाजपुर स्थित निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मुरादाबाद के टीएमयू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। बुधवार की रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके अलावा दूंदावाला के मोहल्ला बिलाल मस्जिद के निवासी 55 वर्षीय वाहिद मुंशी की भी डेंगू बुखार के चलते मौत हुई है। लगभग एक सप्ताह से उन्हें बुखार आ रहा था। उन्हें बाजपुर के निजी चिकित्सक के पास ले गए। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। बृहस्पतिवार को मौत हो गई। नगर में ही मीनार मस्जिद के निकट रहने वाले नामे अली की 42 वर्षीय पत्नी रेहाना की भी डेंगू से मौत हो गई। उसे एक सप्ताह से बुखार था। उसका मुरादाबाद में कांठ रोड स्थित एक नामचीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी भी आज मौत हो गई। जांच में उसे भी डेंगू की पुष्टि हुई थी। एक ही दिन के भीतर महिला समेत तीन लोगों की डेंगू बुखार से हुई। मौतों के बाद नगर में दहशत का माहौल है लेकिन स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह बना हुआ है।
छह पीड़ितों का चल रहा उत्तराखंड में इलाज
तीन मौतें होने के बाद नरपतनगर-दूंदावाला में लोग दहशत में हैं। बताया जाता है कि लगभग छह बुखार पीड़ितों का इलाज उत्तराखंड के काशीपुर एवं बाजपुर के अस्पतालों में चल रहा है। इलाज करा रहे रोगियों में राबिया बी, सूफियान, अजवा बी, नरगिस और आरिफ शामिल हैं। इस बीच सीएचसी स्वार के अधीक्षक डॉक्टर अजीम अहमद ने बताया कि नरपतनगर में डेंगू से हुई मौतों की जानकारी नहीं मिली है। इसके बावजूद वह शुक्रवार को टीम के साथ नरपतनगर जाएंगे और जांच की जाएगी।
वहीं जनपद संभल में भी डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। चंदौसी कोतवाली के एसएसआई पवन कुमार और पूर्व सभासद सहित चार लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज सीएचसी चंदौसी में भर्ती है, अन्य मरीजों का इलाज निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा है। चंदौसी सीएचसी में ही जांच से 12 लोगों को डेंगू की जांच की पुष्टि हो चुकी है। निजी लैब से जांच में डेंगू रोगियों की संख्या अलग हैं। जिला अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पताल में एलाइजा से जांच की सुविधा नही हैं। मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट लैब में जांच के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।