रामपुर: रिहाई के बाद आजम खां ने तोड़ी चुप्पी, बोले- यूपी में फैलाया जा रहा नफरत का एजेंडा
रामपुर में सपा नेता आजम खां ने रिहा होने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा, ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि यूपी में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है और उनके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ। जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों पर सफाई देते हुए कहा कि उनके पास एक ही मकान है। आगामी चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं होने की बात भी कही।
विस्तार
जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खां ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने सरकार, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए। आजम खां ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी लाज खुद रखनी चाहिए और यह सोचना चाहिए कि देश उनके बारे में क्या सोचता है। चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी वजह से दुनिया में बदनामी हुई है। आजम ने कहा कि ईडी, विकास प्राधिकरण और सीबीआई जैसी एजेंसियों की वजह से लोग दुखी और परेशान हैं।
बावजूद आयकर विभाग ने उनके खिलाफ कितना बड़ा हिसाब निकाल दिया। उन्होंने दावा किया कि जौहर विश्वविद्यालय के भवन वर्ष 2004, 2005 और 2006 में ही बन चुके थे। उस समय 90 प्रतिशत भवन तैयार हो चुके थे। आयकर विभाग ने गलत दरों के आधार पर आकलन किया। उन्होंने कहा कि जब जौहर विश्वविद्यालय बनी थी, तब रामपुर विकास प्राधिकरण का गठन भी नहीं हुआ था।
बच्चों से बीड़ी बनवा लेता, लेकिन जेल नहीं जाने देता
आजम खां ने कहा कि आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं है। वह अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते, भले ही इसके लिए उन्हें रिक्शा चलाना पड़ता। उन्होंने कहा कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह अमानवीय था।
मानवाधिकार आयोग के नियमों का उल्लंघन हुआ और बहुत ज्यादती की गई। उन्होंने अपने वजन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। उन्होंने कहा कि उन पर चोरी, बेईमानी और कमीशन लेने का आरोप नहीं लगा, बल्कि उनसे मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करवाने जैसी बातें की गईं।
ईडी के साथ आई मुरादाबाद पुलिस ने पहुंचाई चोट
आजम खां ने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद पुलिस उन्हें चोट पहुंचाई। उन्होंने अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं होगा
आगामी चुनाव के सवाल पर आजम खां ने कहा कि अभी चुनाव में काफी वक्त है। आने वाला कोई चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। साथ ही हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके इलाके में इसे पसंद नहीं किया जाता।
