पाकिस्तानी जासूस: एटीएस की कार्रवाई के बाद शहजाद के घर एनआईए का छापा, संपत्ति और अन्य कागजात खंगाले
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार शहजाद के टांडा स्थित घर पर एनआईए ने छापा मारा। आजाद नगर मोहल्ले में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। एनआईए ने शहजाद के परिजनों से पूछताछ की और उसकी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
विस्तार
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में मुरादाबाद से गिरफ्तार किए गए शहजाद के टांडा स्थित घर पर शनिवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने छापा मारा। आज़ाद नगर मोहल्ले में हुई इस कार्रवाई के दौरान एनआईए टीम के साथ स्थानीय पुलिस और एसडीएम भी मौजूद रहे।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। टांडा के आजाद नगर निवासी शहजाद को पिछले दिनों मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया था। पिछले दिनों एटीएस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लखनऊ में पूछताछ की थी। एटीएस द्वारा की गई पूछताछ के आधार पर एनआईए की टीम भी सक्रिय हो गई।
एनआईए की टीम ने यहां पहुंचकर शहजाद के परिजनों से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, एनआईए ने इस दौरान शहजाद के घर पर टीम द्वारा गहनता से जांच की। साथ ही उसकी संपत्ति से जुड़े कागजातों की भी गहराई से पड़ताल की।
एनआईए की यह कार्रवाई यूपी एटीएस द्वारा शहजाद से की गई पूछताछ के आधार पर की गई है, जिसमें उसके कई संदिग्ध संपर्कों और गतिविधियों का खुलासा हुआ है। एनआईए की टीम यहां करीब डेढ़ घंटे तक रुकी रही। इस दौरान यहां स्थानीय प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे।
पड़ोसियों में दहशत
शहजाद की गिरफ्तारी और एनआईए की छापेमारी से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा रहा। पड़ोसी एक-दूसरे से फुसफुलाकर बात करते नजर आए, लेकिन कैमरे या माइक के सामने आने से बचते रहे। एक स्थानीय निवासी ने कहा, वह अक्सर बाहर रहता था, लेकिन ऐसा कुछ करेगा, इसकी कभी उम्मीद नहीं थी। जब एनआईए और पुलिस ने मोहल्ला घेर लिया।
पत्नी बोली शहजाद निर्दोष
टांडा शहजाद की पत्नी रजिया ने उस पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसने कहा कि शहजाद निर्दोष है। वह पाकिस्तान से आने वाले सूट का व्यापार करता था। उसे फंसाया जा रहा है। हम जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि जांच एजेंसियां अगर निष्पक्ष जांच करेंगी तो सच सामने आएगा और शहजाद को न्याय मिलेगा।