{"_id":"5a77571a4f1c1b0a7b8b513e","slug":"nanital-hiway-jam-in-bilaspur-in-rampur","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्रक खराब होने से हाईवे पर तीन घंटे लगा जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ट्रक खराब होने से हाईवे पर तीन घंटे लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो/ रामपुर
Updated Mon, 05 Feb 2018 12:31 AM IST
विज्ञापन
बिलासपुर में रविवार को नैनीताल हाईवे पर जाम में फंसे वाहन।
विज्ञापन
नैनीताल हाईवे पर बीचोबीच रविवार को एक ट्रक खराब होने से भारी जाम लग गया। आलम यह रहा कि मिनटों का सफर वाहन चालकों ने घंटों में तय किया। जाम में फंसे लोगों की शिकायत पर एसपी ने फोन कर थाना प्रभारी से नाराजगी जताई। एसपी ने थाना प्रभारी को तत्काल हाईवे से खराब ट्रक को हटवाने का आदेश दिया। हालांकि काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने खराब ट्रक को हाईवे से हटाया तो करीब तीन घंटे बाद यातायात सुचारु हो पाया।
नैनीताल हाईवे पर रविवार की अपराह्न करीब 12 बजे रामपुर से रुद्रपुर जा रहा एक ट्रक अचानक पुराने अस्पताल के पास खराब हो गया। बीच सड़क पर ट्रक खराब होते ही हाईवे पर वाहनों का तांता लग गया। धीरे धीरे हालात ऐसे बन गए कि हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रुद्रपुर व रामपुर की ओर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर जाम लग गया। यात्री बेहद परेशान हो गए। हालांकि जाम की समस्या को अतिक्रमण ने और बढ़ा दिया।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाम में फंसे किसी यात्री ने फोन से जाम लगने व जाम खुलवाने के लिए पुलिस की तैनाती न होने की शिकायत एसपी डा विपिन ताडा से कर दी। एसपी ने उसी वक्त थाना प्रभारी को लाइन पर ले लिया और जाम लगने की वजह पूछी। थाना प्रभारी ने हाईवे पर ट्रक खराब होने की बात कही। एसपी ने तत्काल खराब ट्रक को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाने के निर्देश दिए। पुलिस ने किसी तरह तीन घंटे बाद जाम खुलवाया।
विज्ञापन
जाम में फंसे लोगों का कहना था कि पुलिस प्रशासन चरमराई यातायात व्यवस्था का कोई स्थायी समाधान नहीं निकालता है। नगरपालिका प्रशासन भी कागजी खानापूरी करने में लगी रहती है। जबकि, हाईवे पर बेतहाशा अतिक्रमण फैला हुआ है। जिसके कारण रोजाना ही वाहन जाम में फंसे रहते हैं। जबकि, एसडीएम डीएस गुप्ता ने कहा कि शीघ्र ही बेहतर यातायात व्यवस्था की जाएगी।