रामपुर। जिला सहकारी बैंक को ऑपरेटिव बैंक इम्पलाइज यूनियन का चुनाव कराया गया। इस दौरान लालता प्रसाद को यूनिट अध्यक्ष एवं सुनील कुमार मिश्र को यूनिट मंत्री चुना गया है।
जिला सहकारी बैंक सभागार में हुए चुनाव के दौरान पूर्व अध्यक्ष जयंती प्रसाद ने कहा कि वर्तमान परिवेश में बैैंक की स्थिति को देखते हुए सभी कर्मचारियों को एकजुटता बनाए रखनी होगी तथा बैंक का व्यवसाय बढ़ाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने होंगे। बैंक के निक्षेपों में हुई कमी की पूर्ति करने के लिए सभी कर्मचारियों को अपने खर्चों पर नियंत्रण करना होगा। साथ ही बैंक के विविधिकरण ऋण वितरण में बढ़ोत्तरी करनी होगी। इसके लिए अच्छे लोगों का चयन कर ऋण दिलाया जाए। रमेश चन्द्र ने अर्जित अवकाश का नकदीकरण, बोनस आदि सुविधाओं का समय भुगतान करने पर जोर दिया। कहा कि वर्तमान में कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। 17-18 कर्मचारियों का नकदीकरण का भुगतान नहीं किया गया है। वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार मौर्य ने सभी से एकजुट रहने की अपील की। इस दौरान संत किशोर चौरसिया एवं इकराम अहमद खां को यूनिट उपाध्यक्ष पद के लिए चुना गया। कार्यक्रम में सुदर्शन शर्मा, नजफ सईद, शांति देवी, मनीषा देवी, नीलम, हरदत्त सिंह, सुखवीर सिंह, विजय सिंह यादव, मान सिंह वर्मा आदि उपस्थित रहे।