Rampur: शराबी दुल्हे ने कर दी फेरों पर ये एक डिमांड, दुल्हन बोली नहीं करनी इससे शादी; थाने पहुंचा मामला
रामपुर के पटवाई इलाके में एक दुल्हे ने बुलेट बाइक की डिमांड कर दी तो इसके बाद दुल्हन ने भी शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
विस्तार
पटवाई क्षेत्र के एक गांव में आंवला क्षेत्र से बारात आई हुई थी। सुबह 4 बजे करीब किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने के कारण दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने शादी से इनकार करते हुए शादी में दिया सभी दहेज का सामान और नगदी पैसे वापस लाने को कहा। मामले की जानकारी जैसे ही पटवाई पुलिस को मिली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
शराबी दुल्हे ने की दहेज की मांग
मामला पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जहां बृहस्पतिवार की शाम आंवला क्षेत्र से एक बारात आई हुई थी। सभी काम अच्छे से हो रहे थे कि रात्रि में करीब 4 बजे फेरों के समय पर विवाद हो गया। जिस कारण शादी टूट गई। लड़की पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूल्हा शराब के नशे में था और शराब के नशे में बुलेट बाइक की मांग कर रहा था। शगुन में दिए पैसों को फेंक रहा था। सभी ने काफी ज्यादा समझाने की कोशिश की। लेकिन दूल्हा शराब में धुत किसी की बात नहीं मान रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
वापस लौटी बारात
लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने बरात की बस को रोक लिया और लगन में दिया दहेज वापस लाने को कहा। लड़की पक्ष ने बताया दहेज में 2 लाख नगदी और एक स्प्लेंडर गाड़ी दी थी। बाकी दहेज का सामान दिया था। वह सारा दहेज लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष से वापस लाने को कहा। मामले की जानकारी किसी ने पटवाई पुलिस को दी गई। पटवाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले आई। काफी कोशिश के बाद सामाजिक लोगों द्वारा दोनों पक्षों में समझौता कराया गया। जिसमें लड़का पक्ष ने सभी दहेज वापस करने को कहा और लड़की पक्ष ने दूल्हे पक्ष से लिया समान वापस करने को कहा। गांव के लोगों ने बताया कि दुल्हन लड़की घर में सबसे बड़ी है। घर की पहली शादी थी।