रामपुर। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने सुबह करीब साढ़े चार बजे तहसील स्वार के अन्तर्गत पट्टीकला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम को स्टोन क्रशर मानक के अनुरूप नहीं मिले, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने अवैध खनन के संबंध में प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पट्टीकला क्षेत्र में औचक रूप से पहॅुचकर खनन प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। भगत जी स्टोन क्रशर के स्थलीय निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार स्टोन क्रशर स्थल पर बाउंड्रीवाल एवं सीसी टीवी कैमरे न लगे होने पर नाराजगी जताई तथा उपजिलाधिकारी स्वार को स्टोन क्रशर का संचालन रोकने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्टोन क्रशर जहां बाउंड्रीवाल एवं सीसी टीवी सहित एनजीटी एवं शासन द्वारा निर्धारित मानकों का गंभीरता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित नहीं कराया जा रहा है, उनके संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी जाए। उत्तराखंड की सीमा में अवैध खनन की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने उत्तराखण्ड प्रशासन को अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम के लिए संयुक्त कमेटी के गठन के लिए पत्र प्रेषित करने के सम्बन्ध में भी निर्देशित किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार, उपजिलाधिकारी स्वार राकेश कुमार भी मौजूद रहे।