रामपुर। शहर के प्रमुख बाजार अब एक रंग मेें नजर आएंगे। प्रशासन की पहल पर व्यापार मंडल ने इसका बीड़ा उठाया है। इसके तहत बापू मॉल से लेकर हामिद गेट तक और पनवड़िया से लेकर आंबेडकर तक दुकानों के बाहर का रंग एक समान होगा। उनका साइड बोर्ड भी एक आकार का होगा। ताकि शहर के बाजार सुंदर नजर आएं। इसके लिए व्यापार मंडल ने शनिवार को व्यापारियों के साथ बैठक की। अभी इस मुद्दे पर पूर्ण सहमति नहीं बन पाई है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने अपनी कोर कमेटी के साथ बापू मॉल से हामिद गेट तक और माल गोदाम चौराहे से लेकर आंबेडकर पार्क तक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को समझाया कि शहर को सुंदर बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापार मंडल से आग्रह किया है। सुझाव है कि सभी दुकानों का रंग एक हो और उनके ग्लो साइन बोर्ड का आकार भी एक हो। इस दौरान उन्होंने काफी देर तक प्रशासन की मंशा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारियों में इसको लेकर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि अगली बैठक बुलाई जाएगी जिसमें व्यापारियों को दोबारा समझाया जाएगा। इस मौके पर चंद्र प्रकाश रस्तोगी, प्रदीप खंडेलवाल, मुकेश आर्य, शाहिद शमसी, हारिस शमसी, शोएब,मोहम्मद खान, वाजिद अली, मोहसिन खान, बिलाल शमशी, शाहकेव अहमद, उज्जैर अहमद, सैयद फैसल मियां और रजत भाटिया मौजूद रहे