रामपुर। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला गन्ना अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। जिसमें गन्ना किसानों के बकाए भुगतान को शीघ्र किए जाने की मांग की।
जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने कहा कि चीनी मिलें सरकार के आदेशों को हवा में उड़ा रहीं हैं। रुद्रबिलास चीनी मिल बिलासपुर ने इस वर्ष का अभी तक किसानों को कोई भी पेमेंट नहीं दिया है, जो कि बेहद दु:खद है। राणा शुगर मिल करीमगंज ने केवल 15 नवंबर 2020 तक का भुगतान किया है तो त्रिवेणी शुगर मिल मिलक नरायणपुर ने 31 दिसंबर 2020 तक का ही भुगतान किया है। जबकि सरकार ने गन्ना भुगतान हेतु 14 दिनों का समय दिया है। लेकिन चीनी मिलें सरकार की बात नहीं मान रही हैं। उन्होंने कहा है कि अगर किसानों का गन्ना बकाया भुगतान जल्द से जल्द नहीं कराया गया तो गन्ना विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। जिस पर हेमराज सिंह जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि हमारा गन्ना विभाग किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रयासरत है और फरवरी माह से अधिक से अधिक गन्ना किसानों का बकाया भुगतान चीनी मिलों के द्वारा कराया जाएगा। किसानों को समस्या नहीं आने दी जाएगी। किसान हमारे लिए सर्वोपरि है। इस मौके पर डॉ. राजीव गंगवार, मुजीब कमाल, लक्ष्मण गंगवार, अरविंद गंगवार, तेजपाल गंगवार, हरनाम सिंह गंगवार आदि किसान मौजूद रहे।