रामपुर। केंद्रीय भूतल परिवहन, राजमार्ग और एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि दस्तकारों के हुनर को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलनी चाहिए। इसके लिए हुनर हाट का पोर्टल बनाकर दस्तकारों के उत्पाद को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने की योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब विदेशी कंपनियां लोगों के घरों तक ऑनलाइन उत्पाद पहुंचा सकती हैं, तो हम ऐसा क्यों नही कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने अपने मंत्रालय की ओर से हर संभव सहायता देने की बात कही।
नितिन गडकरी ने शुक्रवार को नागपुर से रामपुर में आयोजित दस दिवसीय हुनर हाट का वर्चुअली उद्घाटन किया। इसके बाद उद्घाटन समारोह को ऑनलाइन संबोधित किया। कहा कि गांवों में जो गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी है उसे समाप्त करना सरकार का लक्ष्य है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) मंत्रालय इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम योगदान दे सकता है। गडकरी ने कहा कि यह अच्छी बात है कि हम हुनर हाट के माध्यम से दस्तकारों के हुनर को राष्ट्रीय पहचान दे रहे है, लेकिन इनको अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलनी चाहिए। दस्तकारों की आमदनी डॉलर में होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि हम दस्तकारों को इस हिसाब से ट्रेनिंग दें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारी बहनें घर में बैठकर जो दस्तकारी का काम करती हैं क्या फैशन डिजाइन के सेंटर खोलकर उनको ट्रेनिंग नहीं दी जा सकती है। क्या सहारनपुर के फर्नीचर उद्योग इटालियन डिजाइनर की मदद से और आकर्षक नहीं बनाया जा सकता है। क्या लखनऊ की चिकनकारी को और बेहतर नहीं बनाया जा सकता है। गडकरी ने कहा कि यह सब कुछ हो सकता है, बस दस्तकारों को ट्रेनिंग देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमने खादी के डेनिम के जूते बनाने की योजना बनाई है और सांसद हेमा मालिनी से इसका ब्रांड एंबेसडर बनने की गुजारिश की है। गडकरी ने यह भी कहा है कि हम गाय के गोबर से पेंट भी तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में योगदान 30 फीसदी है, इसे 40 फीसदी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही देश में होने वाले निर्यात में एमएसएमई सेक्टर की हिस्सेदारी 48 फीसदी है, इसे बढ़ाकर 60 फीसदी करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में 11 करोड़ लोगों को रोजगार मिला हुआ है। इस सेक्टर में और पांच करोड़ लोगों को रोजगार देेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गडकरी ने रामपुर में आयोजित हुनर हाट में भाग लेने वाले सभी दस्तकारों को गडकरी ने बधाई दी और कहा कि हम दस्तकारों को हर तरह का सहयोग देने को तैयार हैं। इस मौके पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव पीके दास मौजूद रहे।