{"_id":"129-46632","slug":"Raebareli-46632-129","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन
Raebareli
Updated Tue, 13 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
रायबरेली। रेडरिबन एक्सप्रेस को लेकर जिले के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गईं हैं। इस फरमान के बाद गैर जिलों के कर्मचारी व अधिकारी दीपावली पर घर नहीं पहुंच पाएंगे। प्रभारी डीएम व सीडीओ डॉ. अख्तर रियाज का आदेश मिलते ही सोमवार को कर्मचारी व शिक्षक भड़क गए। कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने विकास भवन में एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया। बाद में कर्मचारियों ने सीडीओ से भी मुलाकात की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसे लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है। 13 से 15 नवंबर तक शहर में रुकने वाली रेडरिबन एक्सप्रेस को लेकर प्रभारी डीएम व सीडीओ डॉ. अख्तर रियाज ने एक आदेश जारी कर दिया। जिसमें जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि तीन दिनों तक कोई भी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़े। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को सीडीओ का यह फरमान मिलते ही कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के पदाधिकारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। कर्मचारियों व शिक्षकों ने विकास भवन में एकत्र होकर सीडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व प्रदर्शन किया। जगजीवन शुक्ला, सूर्यकांत मिश्र, रवींद्र श्रीवास्तव आदि ने आरोप लगाया कि दीपावली की छुट्टी रद्द करके सीडीओ ने अच्छा नहीं किया है। सभी ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही दीपावली का त्यौहार मनाने की भी छूट दी जाए। प्रदर्शन करने के बाद कर्मचारियों व शिक्षकों ने एक ज्ञापन प्रभारी डीएम को दिया, लेकिन कोई बात नहीं बनी। प्रभारी डीएम ने राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने का आदेश दिया। उन्होंने ऐसा न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात दोहराई।
विज्ञापन