Pratapgarh : संग्रामगढ़ थाने का गेट ढहने से ट्रैक्टर चालक की मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
संग्रामगढ़ थाने का गेट ढहने से पुआल लादकर जा रहे ट्रैक्टर चालक रितिक यादव (22) की रविवार की शाम मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन एवं ग्रामीण सीएचसी का गेट बंद कर मौके पर डीएम व एसपी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संग्रामगढ़ थाने का गेट ढहने से पुआल लादकर जा रहे ट्रैक्टर चालक रितिक यादव (22) की रविवार की शाम मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन एवं ग्रामीण सीएचसी का गेट बंद कर मौके पर डीएम व एसपी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। सीओ लालगंज परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे थे। देर रात समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के विजईमऊ गांव का रितिक यादव अपने ट्रैक्टर ट्राली पर पुआल लादकर जिला पंचायत की गोशाला में गिराने जा रहा था। चूंकि संग्रामगढ़ थाना परिसर से गोशाला लगी हुई है। इसलिए रितिक थाना परिसर के गेट से ही गोशाला की ओर ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी बीच ट्राली पर ऊपर तक लदे अधिक पुआल में फंसकर सीमेंट का बना गेट ट्रैक्टर पर आ गिरा। गेट की चपेट में आने से रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में लोगों के सहयोग से गेट के नीचे दबे रितिक को बाहर निकाला। वे उसे उपचार के लिए लेकर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही ग्रामीणों संग परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
हादसे की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने सीएचसी का गेट बंद करते हुए पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। लोगों की पुलिस से झड़प भी होती रही। इस बीच सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं था। बवाल की आशंका को देखते हुए मानिकपुर, लालगंज व महेशगंज थानाध्यक्ष के साथ फोर्स मौके पर डटी रही। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि हादसा दुखद है। परिवार के लोगों के प्रति पुलिस की पूरी हमदर्दी है।
मजबूत बना होता तो पुआल से न ढहता गेट
थाना परिसर का प्रवेश गेट करीब दो दशक पहले बना था। लोगों को कहना था कि सड़क ऊंचाई पर है ऐसे में थाना परिसर का प्रवेश गेट छोटा था। जिससे ट्रैक्टर पर लदा पुआल फंस गया। यदि गेट मजबूत बना होता तो पुआल के दबाव पर न गिरता।