नगर कोतवाली के बड़नपुर में सोमवार की शाम अचानक रुके ट्रक में पीछे से एक टेंपो टकरा गया। इससे टेंपो में अग्निवीर की भर्ती में शामिल होकर लौट रहे युवक समेत छह लोग घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चार को घर भेज दिया गया जबकि, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
शहर के कटरा रोड से होते हुए एक ट्रक बड़नपुर की ओर जा रहा था। गांव के करीब अचानक चालक ने ट्रक रोक दिया। इस दौरान सवारियां लेकर जेठवारा की ओर जा रहा टेंपो पीछे से ट्रक से टकराकर पलट गया। यह देख आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने टेंपो में दबे लोगों को बाहर निकाला।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया। घटना में अयोध्या से अग्निवीर सेना भर्ती में शामिल होकर घर लौट रहे बाघराय थाना क्षेत्र के सियारामगंज गांव निवासी अमित, उमरी गांव के सचिन सिंह, सतार गांव के रवि यादव, कुंडा के मलावा छजईपुर गांव निवासी अंकित यादव, बलदी का पुरवा गांव के दिलीप व बाघराय थाना क्षेत्र के शुकूलपुर गांव की उर्मिला घायल हो गईं। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल उर्मिला व दिलीप को डॉक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया है।

नगर कोतवाली के बड़नपुर में ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त टैम्पो। संवाद- फोटो : PRATAPGARH