Pratapgarh : वैज्ञानिक के चिकित्सक पिता को अगवा कर बदमाशों ने की लूटपाट, तीन किलोमीटर दूर छोड़ा
शनिवार की देर शाम करीब आठ बजे चिकित्सक के घर मरीज दिखाने के आड़ में चिकित्सक डॉ. बनवारीलाल सोनी पुत्र राजाराम, को बोलेरो से अपहृत कर घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर गजराही गांव के समीप ले जाकर मारपीट कर छोड़ा।
विस्तार
बेखौफ कार सवार बदमाश वैज्ञानिक के चिकित्सक पिता को अगवा कर घर में लूटपाट की। घटना को अंजाम देने के बाद सर्द रात में ही नहर के किनारे छोड़कर बदमाश भाग निकले। जानकारी के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई। गांव में पीएसी संग पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं।
लीलापुर थाना क्षेत्र के चमरूपुर शुक्लान निवासी डॉक्टर बनवारीलाल सोनी घर के करीब ही अपनी क्लीनिक खोल रखे हैं। उनका बड़ा बेटा डॉ. गिरधारीलाल सोनी नेशनल सेंटर फॉर सेल साइंस रिसर्च सेंटर पुणे महाराष्ट्र में वैज्ञानिक हैं। शनिवार को उनका सबसे छोटा बेटा डॉ. बिहारीलाल इंटरव्यू देने के लिए सिलसिले में दिल्ली चला गया था। अकेला होने के कारण जल्दी क्लीनिक बंद कर चिकित्सक बनवारीलाल घर आ गए। करीब आठ बजे कार सवार पांच लोग पहुंचे। मरीज देखने के लिए चिकित्सक को आवाज देने लगे।
खाना खाने के बाद वह मरीज देखने के लिए बाहर निकला। कार में लिटाए गए मरीज को देखने के लिए झुकते ही बदमाशों ने गमछे से मुंह दबाकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया। रास्ते में उनके हाथ, पैर बांध दिए। आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। कार सवार तीन बदमाश घर में घुस गए।कार बदमाश सवार बदमाश कुछ देर के लिए एक कमरे में भी रुके, लेकिन आंख व मुंह गमछे से बांधने के कारण उस ठिकाने से चिकित्सक अंजान रहे।
इधर बदमाश घर के भीतर कमरों का ताला तोड़कर आलमारी व बाक्श से जेवरात व रुपये समेटकर भाग निकले। आधी रात के बाद कार सवार बदमाश चिकित्सक को घर से तीन किमी दूर गजराही नहर के पास हाथ पैर खोलकर छोड़ दिया। रविवार की सुबह राहगीर से मदद मांगी। उसकी सूचना पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई। घर पहुंचने पर चिकित्सक ने आपबीती सुनाई तो हर कोई दंग रह गया। घर के भीतर सामान बिखरा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन करने लगी।
मौके पर पहुंचे लीलापुर थानाध्यक्ष चिकित्सक से पूछताछ के बाद बदमाशों की खोजबीन करने लगे। सीओ लालगंज रामसूरत सोनकर भी मौके पर पहुंचकर छानबीन के बाद चिकित्सक को लालगंज उपचार के लिए भेजे। इधर कितने कीमत का आभूषण व रुपया बदमाश ले गए हैं। इसकी जानकारी नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलने पर चिकित्सक का वैज्ञानिक बेटा पुणे से घर के लिए रवाना हो गया। परिवार के लोगों से बातचीत में कहा कि वह आने के बाद तहरीर देगा। अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बताया कि तीन टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाई गई हैं। गांव में पीएसी व पुलिसकर्मी तैनात हैं।