प्रतापगढ़ : चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही एक करोड़ की शराब बरामद
बृहस्पतिवार की देर रात कंधई पुलिस और स्वॉट टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक से चंड़ीगढ़ से बिहार शराब ले जाई जा रही है। कुछ ही देर में ट्रक कंधई इलाके से गुजरने वाला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही एक करोड़ रुपये की शराब बरामद की है। कंधई पुलिस ने ताला मोड़ के पास शराब लदे ट्रक को रोक लिया। ट्रक से 972 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उस पर सवार दो अन्य लोग फरार हो गए।
बृहस्पतिवार की देर रात कंधई पुलिस और स्वॉट टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक से चंड़ीगढ़ से बिहार शराब ले जाई जा रही है। कुछ ही देर में ट्रक कंधई इलाके से गुजरने वाला है। इस पर पुलिस ताला मोड़ के पास घेराबंदी कर आने-जाने वाहनों पर नजर रखने लगी। इस बीच एक ट्रक चिलबिला से पट्टी की ओर आता हुआ दिखा। उसे रोकने के लिए पुलिसकर्मी सामने आ गए। ट्रक रुकते ही उस पर सवार दो लोग भाग निकले। पुलिस ने चालक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में 972 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
ट्रक पर गलत नंबर लिखा था। पुलिस ने चालक भरत सिंह निवासी फतेहगढ़ थाना संजोखरा अंबाला पंजाब से पूछताछ के बाद फरार शराब तस्करों की खोजबीन शुरू कर दी मगर, वे हाथ नहीं लगे। अवैध शराब लदे ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस कंधई थाने पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि शराब तस्करों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। एक करोड़ की बरामद अवैध शराब बिहार भेजी जा रही थी।
बोतल पर प्रीर्टी स्पेशल प्रीमियम का लगा था लोगो
पुलिस का दावा है कि बरामद शराब हरियाणा व चंडीगढ़ की है। चंडीगढ़ से शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। बरामद अवैध शराब की बोतलों पर पीर्टी स्पेशल प्रीमियम का लोगो अंकित था।
ट्रक पर लगा रखी थी दो नंबर प्लेट
अवैध शराब लदे ट्रक पर दो नंबर प्लेट लगी थी। जांच के दौरान जब पहला नंबर प्लेट हटाया गया तो दूसरा नंबर प्लेट लगा मिला। सूत्रों के अनुसार, एक करोड़ की शराब लेकर जा रहे ट्रक के आगे-आगे लग्जरी कार में शराब तस्कर सवार थे। वे पुलिस की नाकेबंदी के बारे में चालक को बता रहे थे मगर, कंधई पुलिस व स्वॉट टीम की घेराबंदी को कार सवार शराब तस्कर भांप नहीं सके और गच्चा खा गए।
आखिर शराब तस्करी के सरगना तक क्यों नहीं पहुंचती पुलिस
जिले में पहले भी हरियाणा, पंजाब समेत अन्य प्रदेशों की अवैध शराब पुलिस व एसटीएफ ने पकड़ी है। रानीगंज, जेठवारा, लालगंज, कुंडा, महेशगंज, संग्रामगढ़, नगर कोतवाली समेत अन्य थानों में करीब एक साल के भीतर ही करोड़ों रुपये की अवैध देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। हर बार शराब पकड़ी जाती है मगर, तस्करी के सरगना पुलिस के शिकंजे में नहीं आते। वाहन चालक या मजदूर ही पुलिस के हत्थे चढ़ते हैं। उनसे पूछताछ के बाद भी पुलिस शराब तस्करी के सरगना तक पहुंचने के लिए कोशिश नहीं करती।