प्रतापगढ़ : निमंत्रण पत्र पर छपवा दिया इस पार्टी का चुनाव चिह्न, आचार संहिता के उल्लंघन पर नोटिस जारी
कुंडा इलाके के किशुनदासपुर निवासी राजकुमार मिश्र ने अपने बेटे के तिलकोत्सव के लिए निमंत्रण कार्ड पर जनसत्ता दल प्रत्याशी का चुनाव निशान आरी छपवा दिया। इस पर उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए आयोजक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
पट्टी तहसील क्षेत्र के दस हजार लोगों पर उपद्रव की आशंका
विधानसभा चुनाव में पुलिस को क्षेत्र के लगभग दस हजार लोगों पर उपद्रव करने की आशंका है। चुनाव में गड़बड़ी करने की रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय भेजी गई है, लेकिन अभी तक जमानत कराने वाले नहीं पहुंचे।
पट्टी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कधई, पट्टी, आसपुर देवसरा से अभी तक 10,000 लोगों के विरुद्ध चुनाव में गड़बड़ी करने और शांतिभंग करने की रिपोर्ट पुलिस ने एसडीएम के पास भेजी है। हालांकि कोई जमानत नहीं करवा रहा है।
विधायक धीरज ओझा और सपा प्रत्याशी को नोटिस
रानीगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी धीरज ओझा और सपा प्रत्याशी के विवादित बोल पर नोटिस भेजा गया है। हालांकि अभी प्रत्याशियों की ओर से जवाब नहीं दिया गया है। इधर, सोशल मीडिया पर प्रचार करने वाले प्रत्याशियों पर अफसरों की नजर नहीं पड़ रही है। वह समाचार पत्रों में छपने वाली खबरों को ही आधार बनाकर नोटिस देने की योजना बनाए हुए हैं।
विधानसभा चुनाव में कूदे प्रत्याशियों ने इन दिनों प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। समय कम होने और प्रत्येक मतदाता के घर तक पहुंचने में फेल रहने वाले प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया को सहारा बना लिया है। मगर मीडिया सर्टिफिकेशन एवं अनुवीक्षण सेल में तैनात अफसरों की नजर नहीं पड़ रही है। अभी तक सोशल मीडिया में वायरल वीडियो, आडियो के आधार पर रानीगंज के भाजपा प्रत्याशी धीरज ओझा और सपा प्रत्याशी को नोटिस जारी किया गया है।
व्हाट्सएप ग्रुप में चैटिंग, पंफलेट और प्रचार के लिए बैनर, पोस्टर पोस्ट करने वालों को दरकिनार किया जा रहा है। मीडिया सर्टिफिकेशन एवं अनुवीक्षण सेल की लापरवाही के चलते प्रत्याशियों ने अब प्रचार के लिए सोशल मीडिया को हथियार बना लिया है। सेल के प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि अखबारों में जो खबरें प्रकाशित होती है, उसी को साक्ष्य बनाकर प्रत्याशियों को नोटिस भेजा जा रहा है।