प्रतापगढ़ : छात्रा को घसीटने के विरोध में प्रबंधक पर फायर करने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा
फेयरवेल पार्टी के दौरान फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रा को घसीटने का विरोध करने पर कॉलेज प्रबंधक पर फायर करने के आरोपी छात्र को पुलिस ने सोमवार देर शाम मदाफरपुर बाजार के करीब हिरासत में ले लिया।
विस्तार
फेयरवेल पार्टी के दौरान फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रा को घसीटने का विरोध करने पर कॉलेज प्रबंधक पर फायर करने के आरोपी छात्र को पुलिस ने सोमवार देर शाम मदाफरपुर बाजार के करीब हिरासत में ले लिया। पुलिस उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा खोजती रही। हालांकि घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद होने की भी चर्चा है। पुलिस अभी आरोपी छात्र को हिरासत में लेने से इन्कार कर रही है।
घटना के दूसरे दिन कॉलेज पहुंचने वाले विद्यार्थी सहमे नजर आए। कंधई थाना क्षेत्र के मधुपुर स्थित बीडीएसके एजुकेशनल इंस्टीट्यूट है। रविवार को इंटरमीडिएट के बच्चों के फेयरवेल पार्टी में एक छात्रा को जबरन घसीटने के दौरान कॉलेज के प्रबंधक रमाकांत द्विवेेदी बीच-बचाव करने पहुंचे थे। आरोपी छात्र ने प्रबंधक पर दो फायर झोंक दिया था। हालांकि वह नीचे बैठने के कारण बाल-बाल बच गए थे।
कॉलेज प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। उसकी तलाश में पुलिस दबिश देती रही। सोमवार को कंधई पुलिस कॉलेज पहुंचकर आरोपी छात्र के साथियों से पूछताछ कर मोबाइल नंबर खोजती रही। फेसबुक आईडी से उसकी फोटो निकालकर कोहड़ौर थाने की पुलिस को भी उपलब्ध कराई गई। कॉलेज के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी आने जाने वालों की छानबीन करता रहा।
सोमवार की देर शाम मदाफरपुर बाजार के करीब स्थानीय चौकी की पुलिस ने फरार आरोपी छात्र को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे कंधई पुलिस के हवाले कर दिया गया। देर शाम तक उससे पूछताछ की जाती रही। एसओ कंधई विनीत उपाध्याय ने बताया कि अभी आरोपी छात्र नहीं पकड़ा गया है। उसकी तलाश की जा रही है। जबकि छात्र पुलिस की हिरासत में है।