नवरात्र शुरू होने से पहले शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक भक्ति का रंग गहराने लगा है। मंदिरों, पूजा घरों और पूजा पंडालों में भजन, गायत्री मंत्र और आरती की गूंज सुनाई दे रही है। इसके साथ ही मंत्रोच्चार और आरती बजाने वाले डिजिटल प्लेयर की मांग भी बढ़ गई है। दुकानों पर छोटे आकार के इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खरीदने के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। भरत चौक, बाबागंज, चौक बजाजा, मीराभवन, सदर बाजार और चिलबिला समेत ग्रामीण बाजारों में इन दिनों दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। व्यापारी लवकुश उमरवैश्य ने बताया कि नवरात्र से पहले तक डिजिटल मंत्र प्लेयर की बिक्री सामान्य थी, लेकिन पर्व शुरू होते ही मांग बढ़ गई। खासकर बुजुर्ग और नियमित पूजा करने वाले लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं।
दुकानदार विपुल कुमार के अनुसार, डिजिटल मंत्र प्लेयर की कीमत 200 से 500 रुपये तक है। एक प्लेयर में 16 तरह के मंत्र और आरती उपलब्ध हैं। कम कीमत और आसानी से इस्तेमाल होने के कारण लोग इन्हें खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश उपकरण दिल्ली और कानपुर से मंगाए गए हैं। नवरात्र को देखते हुए दुकानदारों ने पहले ही पर्याप्त स्टॉक मंगा लिया था।