राजनाथ सिंह बोले : यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद खरीदे जाएंगे बड़ी संख्या में बुलडोजर
रक्षामंत्री ने कहा कि यूपी में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बननी तय है। इसके बाद भारी मात्रा में बुल्डोजर खरीदे जाएंगे, जिससे माफियाओं के घरों को जमीदोंज किया जाएगा। सपा पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि गुंडे, बदमाशों और दहशतगर्दों की यह पार्टी सत्ता में आने पर गुंडागर्दी का नंगा नाच करती है।
विस्तार
पट्टी विधानसभा क्षेत्र के कलहूगंज बाजार में रविवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कांग्रेस और सपा पर करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि सपा समाजवाद का ढोंग करने वाली पार्टी है।
सबसे बड़े समाजवादी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। जो भय और भूख से निजात दिला दे वही सच्चा समाजवादी है। प्रधानमंत्री सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में गुंडे, बदमाश जेल की चहारदीवारी के भीतर कैद हैं। किसी माई के लाल में हिम्मत हो तो आज तमंचा के साथ घूमकर दिखा दे।
रक्षामंत्री ने कहा कि यूपी में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बननी तय है। इसके बाद भारी मात्रा में बुल्डोजर खरीदे जाएंगे, जिससे माफियाओं के घरों को जमीदोंज किया जाएगा। सपा पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि गुंडे, बदमाशों और दहशतगर्दों की यह पार्टी सत्ता में आने पर गुंडागर्दी का नंगा नाच करती है।
वह दंगे की चोट पर बनाना चाहते हैं सरकार
हम डंके की चोट पर चुनाव जीतने की बात करते हैं, वे दंगे की चोट पर। समाजवादी पार्टी जाति-पाति और तुष्टिकरण की राजनीति करती है, हम इंसाफ और इंसानियत की। गरीबों का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल रहा है। कोरोना महामारी ने भारत की अर्थव्यवस्था पर काफी चोट पहुंचाई, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी के नेतृत्व में करिश्माई तरीके से कोरोना पर काबू पाया गया।
आज पूरी दुनिया भारत के इस साहसिक कार्य का लोहा मान रही है। यही वजह है कि आज भारत में सौ करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। देश के 80 करोड़ लोगों को हर माह दो-दो बार मुफ्त राशन दिया जा रहा है। रक्षामंत्री ने कांग्रेस पर भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी यह आरोप लगाते हैं कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद चीन और पाकिस्तान एक हो गए हैं।
हम भारत माता का मस्तक नहीं झुकने देंगे
उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि गुलाम कश्मीर में चीन ने आर्थिक कॉरिडोर का निर्माण कांग्रेस के शासनकाल में किया था। हम भारत मां का मस्तक कभी नहीं झुकने देंगे। इसके लिए चाहे जितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ जाए। पाकिस्तान की कायराना हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
हमारे अर्द्धसैनिक बलों पर हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने सिर्फ दस मिनट में फैसला ले लिया था। कार्यक्रम में सांसद संगमलाल गुप्ता, पूर्व विधायक शिवाकांत ओझा, हरिप्रताप सिंह, रामशिरोमण शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख पट्टी राकेश सिंह, भाजपा जिला महामंत्री आशीष श्रीवास्तव, कमलाकांत यादव, सुशील सिंह, नंदन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
हम सब समझ रहे हैं गुरु, कुछ लोग राशन बेच भी लेते होंगे
जनसभा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा केंद्र और प्रदेश सरकार की तरफ से दिए जा रहे फ्री राशन पर चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि यहां जुटे तमाम लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा होगा। सिर्फ मिल ही नहीं रहा होगा, कुछ लोग तो राशन बेच भी लेते होंगे। गुरु, मैं सब जानता हूं। सीधे तौर पर नहीं बताना चाहते तो मेरे कान में आकर ही बता दो। रक्षा मंत्री की बात सुनने के बाद सभा में मौजूद लोग हंसने लगे।
मोती सिंह की शराफत को यहां के लोग जानते हैं कि नहीं
अपनी जनसभा के दौरान रक्षामंत्री हल्के-फुल्के मूड में भी नजर आए। उन्होंने कहा, मोती सिंह कहां गए, यहां के लोग मोती सिंह की शराफत को जानते हैं कि नहीं। तीस साल पहले जितने शालीन थे, आज भी वैसे ही हैं। चेहरे पर वही मुस्कान। मोती सिंह, यहां किसी को आपने कभी फटकारा या नहीं। फिर जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा कि मैं जाऊं। लोगों से हाथ उठवाकर कहा कि मोती सिंह को जीता देना।
बस करो भाई, बहुत हो गया राजनाथ जिंदाबाद
जनसभा के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अपने चिरपरिचित अंदाज में बोल रहे थे। इस दौरान मंच के सामने से कुछ लोग बार-बार राजनाथ सिंह जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कई बार रक्षामंत्री ने हाथ से इशारा कर उन्हें चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद भी लोगों के नहीं मानने पर कहा, बस करो भाई, बहुत हो गया राजनाथ जिंदाबाद।