फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   दबंगों के भय से ग्रामीणों का पलायन

दबंगों के भय से ग्रामीणों का पलायन

Sat, 22 Jun 2019 08:44 PM IST
Allahabad Bureau इलाहाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 22 Jun 2019 08:44 PM IST
विज्ञापन
दबंगों के भय से ग्रामीणों का पलायन
फोटो--
विज्ञापन

दबंगों के भय से ग्रामीणों का पलायन
ताला बंदकर दो दिन पहले छोड़ दिया घर
एसडीएम व सीओ ने अतिक्रमण हटवाया, खाली मिली बस्ती
अमर उजाला ब्यूरो
सगरासुंदरपुर। दबंगों के भय व पुलिस की करतूत से नाराज ग्रामीण बस्ती छोड़कर पलायन कर गए। महिलाओं व बच्चों समेत ग्रामीण दो दिनों से नदारद हैं। न्याय मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने बस्ती में लौटने का फैसला किया है। ग्रामीणों के पलायन के बाद बस्ती में सन्नाटा पसरा हुआ है। एसडीएम व सीओ ने विवादित जमीन पर दबंगों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटवाते हुए ग्रामीणों से बस्ती में लौटने की अपील की है।
लालगंज कोतवाली के हदिराही ग्राम पंचायत में खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर बीते 19 जून की रात दलित बस्ती में दबंगों ने धावा बोल दिया। समीप ही रहने वाले बेेड़िया बिरादरी के लोगों ने विरोध जताया तो दबंगों ने लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दर्जन भर लोगों को लहूलुहान कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। दबंगों की पिटाई व पुलिस की लापरवाही से आहत बेड़िया बिरादरी के लोगों ने दूसरे दिन सगरासुंदरपुर बाजार में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया। दो घंटे बाद किसी तरह कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ, लेकिन कोतवाली पहुंचने पर लोगों को पता चला कि दबंगों की मिलीभगत से उनके खिलाफ ही गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मीडिया में खबर चली तो पुलिस ने पीड़ित पक्ष का मुकदमा भी दर्ज कर लिया। दबंगों के भय से लोग घर जाने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने सिपाहियों के साथ उन्हें भेजा। एक दिन बाद पुलिस लौट गई तो दबंगों के भय व पुलिस की करतूत से आहत बेड़िया बस्ती के लोगों ने शुक्रवार को घर छोड़ने का फैसला कर लिया। न्याय के लिए महिलाएं व बच्चे लेकर ग्रामीण अफसरों की चौखट पर फरियाद कर रहे हैं। वह केस खत्म न होने तक घर लौटने के लिए तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों के गांव से पलायन की खबर पर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शनिवार को एसडीएम मोहनलाल गुप्ता व सीओ रमेशचंद्र आननफानन में मौके पर पहुंचे। यहां का नजारा देख अफसर सन्न रह गए। बेड़िया बस्ती के सभी घरों में ताला बंद था। बस्ती में कोई नहीं मिला। एसडीएम ने मामले की जांच कराई तो बस्ती से लगी खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जा मिला। इस पर एसडीएम व सीओ ने मौके पर ही खड़े होकर खलिहान की जमीन से कब्जा हटवाया। अवैध कब्जा हटवाने के बाद एसडीएम व सीओ ने बस्ती से पलायन करने वालों से मोबाइल पर वार्ता कर सुरक्षा व न्याय देने का भरोसा देते हुए लौटने की अपील की।
विज्ञापन

इनसेट---
राजस्वकर्मियों पर बिफरे एसडीएम
सगरासुंदरपुर। हदिराही में बेड़िया बस्ती में घुसकर खलिहान की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने की जांच के लिए शनिवार को एसडीएम मोहनलाल गुप्ता सीओ के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि विवाद जमीन खलिहान के नाम दर्ज है। जिस पर साल भर से लोग छप्पर व बांस बांधकर कब्जा करने लगे। यह देखते ही एसडीएम कानूनगो व लेखपाल पर भड़क उठे। राजस्वकर्मियों को सरेआम फटकार लगाते हुए विवाद का जिम्मेदार उन्हें ही ठहरा दिया। एसडीएम की फटकार पर राजस्व कर्मियों की घिग्घी बंध गई। एसडीएम ने कहा कि खलिहान की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रातभर डीएम आवास के बाहर पड़े लोगों को पुलिस बुलाकर कचहरी भेजा
प्रतापगढ़। लालगंज के हदिराही गांव से दबंगों के डर से पलायन करने वाले ग्रामीण शुक्रवार की शाम महिलाओं, बच्चों को लेकर डीएम कैंप कार्यालय पर पहुंच गए। डीएम के अंदर होने के कारण उनका दर्द सुनने वाला कोई नहीं था, इसलिए कैंप कार्यालय के बाहर लोग रातभर बैठे रहे। सुबह डीएम को जानकारी होने पर कोतवाली से पुलिस बुलाकर लोगों को कचहरी भेज दिया गया। कचहरी पहुंचे ग्रामीण धरना-प्रदर्शन कर न्याय की मांग करते रहे, मगर शाम तक कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर स्थानीय दबंग और पुलिस की मिलीभगत से उनका जीना दूभर हो गया है। दलितों की मानें तो वर्षों से उनका परिवार उसी स्थान पर रह रहा है। अब दबंग उन्हें हटाना चाह रहे हैं।
अफसरों ने दर्द नहीं सुना तो 24 से होगा आमरण अनशन
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। डेरवा की कीर्ति देवी के घर में घुसकर महिला और बच्चों की पिटाई करने वाले दबंगों के खिलाफ मुकदमा नहीं दर्ज करने से नाराज भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के पदाधिकारी कचहरी में धरना-प्रदर्शन कर न्याय मांग रहे हैं। जिलाध्यक्ष नंदलाल तिवारी और सचिव लक्ष्मीनारायण पांडेय ने आरोप लगाया है कि
जिले के अधिकारी संज्ञाशून्य हो गए हैं। धरने पर बैठे लोगों की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने चेताया है कि अगर 23 जून तक उनकी आवाज नहीं सुनी गई तो 24 जून से आमरण अनशन करेंगे। इस मौके पर नवीन त्रिपाठी, अमित कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
वर्जन---
जांच में खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जे की बात सामने आई है। तत्काल अतिक्रमण हटवा दिया गया है। ग्रामीणों से मोबाइल पर वार्ता हुई है, उनको भरोसा देकर वापस बुलाया गया है। खलिहान की जमीन पर अब किसी ने कब्जा किया तो कार्रवाई होगी।
मोहनलाल गुप्ता, एसडीएम, लालगंज



फोटो---
तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक खड्ड में घुसा, चालक घायल
सगरा सुंदरपुर(ब्यूरो)। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के खड्ड में जाने से चालक घायल हो गया। अमेठी जिले के बीबीडोला मुबारकपुर निवासी मो. सईद (40) पुत्रत्र इस्माइल ट्रक चालक है। वह नई दिल्ली से कोलकाता के लिए ट्रक पर माल लादकर निकला था। शनिवार की सुबह लालगंज कोतवाली के सगरा सुंदरपुर बाजार के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा घुसी। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

सतहत्तर राजस्व कर्मियों को प्रदान किया गया लैपटाप
लालगंज(ब्यूरो)। तहसील में शनिवार को उपजिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता की देखरेख में लेखपालों को शासन से मिला लैपटाप प्रदान किया गया। शनिवार को तहसीलदार के हाथों कुल 77 लेखपालों को लैपटाप मिला तो उनके चेहरे पर प्रसन्नता देखने को मिली। यहां कुल 95 लैपटान शासन द्वारा लेखपालों के लिए भेजे गए हैं। एसडीएम ने बताया कि लैपटाप मिलने से राजस्व कर्मियों को अभिलेखों को दुरुस्त रखने में सुविधा होगी। इस दौरान लेखपाल संघ के अध्यक्ष रामचंद्र तिवारी व एनटी बृजमोहन शुक्ला मौजूद रहे। अध्यक्ष श्री तिवारी ने बताया कि लेखपाल संघ शासन से अर्से से लैपटाप की मांग चल रही थी। अब लैपटाप मिलने से राजस्व कर्मियों को अभिलेख सुरक्षित रखने में सुविधा रहेगी।

नगर में व्यवसायी की कार चोरी होने पर हड़कंप
लालगंज(ब्यूरो)। नगर के व्यवसायी की कार चोरी कर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है। लालगंज के प्रमुख व्यवसायी ओमप्रकाश जायसवाल पुत्र सूर्यपाल जायसवाल ने गुरुवार की रात अपनी कार हाईवे पर हीरो एजेंसी के सामने खड़ी की थी। यहां कार खड़ी कर वह अपने रिश्तेदार विनय जायसवाल के घर सोने चले गए। दूसरे दिन वह पहुंचे तो कार गायब थी। पीड़ित ने कार की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। शिकायत पर पुलिस ने एजेंसी की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करने की तहरीर दी है। कोतवाल ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में योगाभ्यास करने उमड़े लोग
लालगंज(ब्यूरो)। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में शुक्रवार की सुबह पतंजलि योग समिति के तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम मोहनलाल गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। पतंजलि योग समिति के जिला महामंत्री जय प्रकाश पांडेय के निर्देशन में योगाभ्यास कर लोगों ने निरोगी रहने का संकल्प जताया। प्रधानाचार्य आचार्य रामअवधेश मिश्र ने योग शिविर में आए लोगों को स्वागत किया। इस मौके पर अमरपाल मौर्य, चेयरपर्सॎन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल, माधुरी ओझा, नागेश प्रताप सिंह, बृजेंद्र द्विवेदी, डॉ. वीरेश सिंह, ईओ सुभाषचंद्र सिंह, अनिल तिवारी, नीलम ओझा, प्रदोष नारायण सिंह, अनूप त्रिपाठी, केशवकांत ओझा, श्यामदुलारी सिंह आदि मौजूद रहे।


जामुन तोड़ने गया किशोर पेड़ से गिरकर घायल
लालगंज(ब्यूरो)। जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा किशोर नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उदयपुर थाना क्षेत्र के भंवरी राहाटीकर निवासी राजाराम यादव का चौदह वर्षीय पुत्र विकास अपने ननिहाल सांगीपुर के देवापुर में रहता है। वह शनिवार को अपराह्न जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। संतुलन बिगडने से वह पेड़ से काफी ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में घायल किशोर को परिजन लेकर सांगीपुर सीएचसी पहुंचे। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed