Pratapgarh News: सड़क किनारे गिरे पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, चार घायल
जौनपुर जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के तेजी बाजार के अनुज (27), मोनू (21) खैरपारा के अजीत (28), धर्मराज (24) तथा अमित (28) कार से बुधवार को मनगढ़ धाम दर्शन करने जा रहे थे। डेरवा पुरानी बाजार के करीब सड़क किनारे गिरे सूख पेड़ से कार जा टकराई।
विस्तार
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा पेट्रोल पंप के करीब बुधवार की शाम सड़क किनारे गिरे पेड़ से कुंडा की ओर जा रही कार टकरा गई। इससे कार सवार जौनपुर के अजीत की मौत हो गई जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने जेसीबी लगाकर सड़क से पेड़ हटवाया। खबर मिलने पर परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
जौनपुर जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के तेजी बाजार के अनुज (27), मोनू (21) खैरपारा के अजीत (28), धर्मराज (24) तथा अमित (28) कार से बुधवार को मनगढ़ धाम दर्शन करने जा रहे थे। डेरवा पुरानी बाजार के करीब सड़क किनारे गिरे सूख पेड़ से कार जा टकराई। इससे कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पासपड़ोस के लाेगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से लालगंज सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों के प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
16 जून को हुई थी अजीत की शादी
दुर्घटना में मृत अजीत की 16 जून को शादी हुई थी। अभी दुल्हन के हाथों से मेहंदी भी नहीं छूटी थी। शादी के बाद अजीत के दोस्तों ने मनगढ़ धाम का दर्शन करने के लिए कार्यक्रम बनाया था।
शिकायतों के बाद भी वन विभाग ने नहीं हटाया गिरा पेड़
डेरवा के लोगों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले पेड़ का एक हिस्सा सड़क पर गिरा था। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से कई बार इसकी शिकायत की लेकिन, जिम्मेदार लापरवाह बने रहे। आखिरकार हादसे के बाद पुलिस भी संजीदा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है वर्षों से पेड़ का यह हिस्सा सड़क पर पड़ा है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार वन विभाग से शिकायत के बाद भी उसे हटाया नहीं गया। इससे यह बड़ी दुर्घटना हुई। इसके बाद आनन-फानन में जेठवारा पुलिस ने जेसीबी मंगा कर सड़क पर पड़े पेड़ को हटवाया।