प्रतापगढ़ : भुपियामऊ स्टेशन के पास ट्रैक पार कर रहे दंपती की मनवर संगम एक्सप्रेस से कटकर मौत
राखी बंधवाने ससुराल जा रहे दंपती की भुपियामऊ स्टेशन के पास मनवर संगम एक्सप्रेस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राखी बंधवाने ससुराल जा रहे दंपती की भुपियामऊ स्टेशन के पास मनवर संगम एक्सप्रेस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। लीलापुर थाना क्षेत्र के रानीगंज अजगरा निवासी इंद्रावती देवी (40) शुक्रवार को पति रामकृष्ण यादव (45) के साथ शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से धारूपुर मायके में भाई को राखी बांधने जा रही थीं। तीन किमी का अतिरिक्त चक्कर न लगाना पड़े इसलिए दंपती बाइक से भुपियामऊ स्टेशन के पास पहुंच गया। बाइक लेकर ट्रैक पार होने लगे।
इसी बीच मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन की ओर से मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई लेकिन दंपती बाइक समेत इंजन में फंस गए। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और जबकि पति व पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक भुपियामऊ रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। लोको पायलट ने कंट्रोल के साथ स्टेशन अधीक्षक को हादसे की सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने इंजन में फंसी बाइक निकाली, तब जाकर ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना हुई। हादसे की सूचना पर इंद्रावती के भाई धारूपुर निवासी संजय यादव और दामाद शिव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान की। देहात कोतवाली एसओ पुष्पराज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद जीआरपी एसओ पंकज कुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। बाइक को कब्जे में ले लिया।
जनप्रतिनिधि कई बार अंडरपास चालू करने की कर चुके हैं मांग
भुपियामऊ स्टेशन के पास ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने के साथ ही रेलवे ने क्रॉसिंग को बंद कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया तो सांसद रहे संगम लाल गुप्ता ने अंडरपास निर्माण के लिए पत्राचार किया। तीन साल बीत गए, मगर अभी तक अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
जान जोखिम में डालकर पार करते हैं रेलवे ट्रैक
भुपियामऊ रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग को बंदकर करीब दो साल अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। जिस कारण लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक को पार करते हैं। जबकि भुपियामऊ से कटरा रोड पर जाने के लिए ओवरब्रिज बना हुआ है। दो किमी का चक्कर न लगाने इसके लिए लोग बंद रेलवे क्रॉसिंग का ट्रैक पार करते हैं।
भुपियामऊ रेलवे स्टेशन पर रहता है अंधेरा
भुपियामऊ रेलवे स्टेशन पर लाइट के इंतजाम नहीं है। शाम होते ही क्रॉसिंग व स्टेशन पर अंधेरा छा जाता है। रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी भी नजर नहीं आते हैं। ऐसे में वहां से गुजरना खतरनाक हो जाता है।
पान की दुकान से चलता था घर का खर्च
राम कृष्ण यादव रानीगंज स्थित अजगरा गेट के समीप पान की गुमटी लगाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। मृतक के साले धारूपुर निवासी संजय यादव ने बताया कि बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। जबकि छोटी बेटी घर पर रहकर मां के कामों में सहारा देती थी। गृहस्थी का सारा जिम्मा रामकृष्ण पर था।