फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pratapgarh News ›   Chaos over deed, bullets fired in registry office premises, two injured

Pratapgarh News: बैनामे पर बवाल, रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में चलीं गोलियां, दो घायल

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 21 Jul 2025 11:39 PM IST
विज्ञापन
Chaos over deed, bullets fired in registry office premises, two injured
कोतवाली से दो सौ मीटर दूर रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में सोमवार दोपहर बवाल हो गया। आरोप है कि बेलखरनाथ ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह व उनके गुर्गों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। बैनामा कराने पहुंचे बृजेश तिवारी के रिश्तेदार दो सगे भाई गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन

आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अकारीपुर निवासी बृजेश तिवारी ने पड़ोसी गांव औराइन के जगन्नाथ विश्वकर्मा से सड़क किनारे स्थित भूमि का सौदा किया था। ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह इसका विरोध कर रहे थे। सोमवार को जमीन का बैनामा कराने के लिए बृजेश अपने रिश्तेदार व करीबियों के साथ रजिस्ट्री कार्यालय पट्टी पहुंचे थे।
विज्ञापन


बृजेश के अनुसार ब्लाॅक प्रमुख सुशील सिंह अपने दस साथियों के साथ वाहन से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे। जगन्नाथ को जबरन ले जाने लगे। इसका विरोध करने पर मारपीट व हाथापाई होने लगी। अचानक सुशील सिंह की ओर से फायरिंग की जाने लगी, जिससे भगदड़ मच गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

बृजेश की मदद में सुल्तानपुर के चांदा थाना क्षेत्र के बहतीकला से आए सगे भाई अरुण मिश्रा (35) व आदित्य मिश्र (25) को हमलावरों ने दौड़ाकर गोली मारी। आदित्य के दाहिने पैर व अरुण के कमर में गोली लगी। दोनों वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज व शोरशराबा सुन पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी भाग चुके थे। घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया।

कुछ ही देर में एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल और एसपी डॉ. अनिल कुमार कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल पर भी गए। आठ थानों की पुलिस भी पहुंच गई। मकान व दुकान से मिले सीसीटीवी फुटेज देखे गए। पुलिस को मौके से कारतूस का खोखा मिला। एसपी ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए वहीं से पुलिस की कई टीमों को रवाना किया।
शाम को पुलिस टीम एएसपी पूर्वी के नेतृत्व में ब्लाॅक प्रमुख सुशील सिंह के घर पहुंची। वहां से प्रमुख की कार जेसीबी से घसीटकर थाने लाई। ट्रैक्टर खुद दरोगा चलाकर कोतवाली लाए। परिवार की महिलाओं को भी कोतवाली लाया गया।
जगन्नाथ को अगवा करने का आरोप, तलाश में जुटी पुलिस

बृजेश ने बैनामा करने वाले जगन्नाथ को अगवा करने का आरोप ब्लॉक प्रमुख पर लगाया है। जगन्नाथ की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। उनके घर पर पुलिस का पहरा लगा है। हालांकि, घर पर ताला बंद है।
दहशत में गिरे दुकानों के शटर
रजिस्ट्री कार्यालय परिसर व सड़क पर हो रही मारपीट व फायरिंग देख लोग सहम गए। दुकानों के शटर गिराकर पीछे छिप गए। कार्यालय से लेकर सड़क तक सन्नाटा पसर गया। घटना के बाद आसपुर देवसरा, फतनपुर, कोहंडौर, कंधई, रानीगंज, दिलीपपुर के अलावा कई थानों की फोर्स व पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल पट्टी पहुंचा। देखते ही देखते कस्बा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
घटना अक्षम्य है। आरोपियों की धरपकड़ व जांच के लिए अलग-अलग पुलिस की टीम लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं, जो घटना की जांच में मददगार हैं।
डॉ. अनिल कुमार
एसपी के आश्वासन पर पहुंचे थे बैनामा कराने
पट्टी। जमीन का बैनामा कराने आए बृजेश तिवारी घटना के बाद चीखते हुए अपना दर्द बताने लगे। बोले कि शनिवार को भी वह बैनामा कराने आए थे लेकिन उन्हें ब्लॉक प्रमुख की ओर से धमकी दी गई। रंगदारी भी मांगी गई थी। बवाल की आशंका पर सोमवार को ही वह एसपी से मिले। डीएम कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया था। प्रकरण से अवगत कराते हुए मदद मांगी। एसपी के सुरक्षा के आश्वासन पर ही वह बैनामा कराने पहुंचे। पट्टी कोतवाल से भी बात की लेकिन उन्होंने प्रकरण को हल्के में लिया, जिसके चलते घटना हो गई। संवाद

पूर्व मंत्री के करीबी हैं ब्लॉक प्रमुख, एमडी बेचने वालों से जुड़ा था नाम

भाजपा नेता व पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के ब्लॉक प्रमुख करीबी बताए जाते हैं। कुछ दिन पहले हरियाणा पुलिस ने एमडी बेचने वालों से पूछताछ के बाद प्रमुख को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की थी। उन्हें हरियाणा पहुंचकर बयान देने के लिए नोटिस थमाया था।
वीडियो वायरल : पुलिस के सामने से भागा आरोपी ब्लॉक प्रमुख
पट्टी। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में पुलिस दौड़ते हुए घटनास्थल की ओर जा रही है। पुलिस के सामने ही ऑडी कार से आरोपी ब्लॉक प्रमुख अपने साथियों के साथ निकल रहे हैं। एक वीडियो में प्रमुख से भिड़ने वाले अरुण पर गोली चलाते देखा गया। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती। सभी वायरल वीडियो संकलित कर पुलिस छानबीन कर रही है।

तीन साल बाद फिर पट्टी में तड़तड़ाईं गोलियां

जमीन के लेनदेन को लेकर ब्लॉक प्रमुख सुशील व कस्बे के रहने वाले सुरेश जायसवाल से 16 अक्तूबर 2022 को विवाद हो गया। सरेआम मारपीट, फायरिंग व पथराव की घटना हुई थी। जिससे लोग सहम गए थे। तीन साल बाद सोमवार को फिर उसी तरह की घटना हुई। करीब सात राउंड चली गोलियों से कस्बे के लोग सहमे रहे। हर कोई पहले हुई घटना की चर्चा करता रहा। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में ब्लॉक प्रमुख पर तीन मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed