प्रतापगढ़ : लाठी से पीटकर भाई को मार डाला, पैतृक घर के बंटवारे का भाइयों के बीच चल रहा था विवाद
कोतवाली के गुलाम चिश्ती का पुरवा में शुक्रवार की शाम एक भाई ने लाठी से पीट-पीटकर अपने ही भाई मेवालाल पटेल (55) की हत्या कर दी। इसके बाद वह भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आरोपी की तलाश करने लगी। दूसरे दिन शनिवार को भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा। तनाव को देखते हुए घटनास्थल और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर मेवा लाल पटेल का अपने भाई बंशीलाल पटेल से पुराना विवाद है। शुक्रवार की शाम को भी मकान के बंटवारे के विवाद में कहासुनी हो रही थी। जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बंशीलाल ने अपने भाई को लाठी से जमकर पीटा। जिससे उसके सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़कर वहां पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
घटना से बदहवास हुए परिजन घायल मेवालाल को उपचार के लिए सीएचसी कुंडा ले गए। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। हत्या की जानकारी मिलने पर कुंडा कोतवाल कमलेश पाल, सीओ अजीत सिंह मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी भाई की तलाश में जुट गए। सीओ ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी भाई फरार है।
बेटी की शादी का सपना रह गया अधूरा
मृतक मेवालाल अपने बड़े बेटे अरुण पटेल व विजय की शादी कर चुका था। बेटी साधना की शादी करने के लिए वह रिश्ता तलाश रहा था। मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था। तभी साधना की शादी करने का उसका सपना पूरा नहीं हो सका।