किशोरी से छेड़खानी करने वाले सिपाही को दौड़ाकर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर से हापुड़ जा रही एक प्राइवेट बस में एक सिपाही ने किशोरी से छेड़खानी शुरू कर दी। किशोरी ने अपनी मां से बताया तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद जमा हुई भीड़ ने सिपाही को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। सड़क पर सिपाही की पिटाई से हंगामा मच गया।
लोग सिपाही पर लात घूंसे बरसाते रहे फिर भी वह लोगों को धक्का देकर निकल भागा। खबर पाकर पुलिस पहुंची लेकिन सिपाही नहीं मिला। एसपी का कहना है कि सिपाही के बारे में जानकारी की जा रही है। उसका पता चलते ही कार्रवाई की जाएगी।
भीड़ ने की सिपाही की पिटाई
बृहस्पतिवार को एक प्राइवेट बस बुलंदशहर से हापुड़ आ रही थी। बस में एक सीट पर सिपाही बैठा था। बगल की सीट खाली होने पर एक महिला बैठ गई। महिला के साथ उसकी बेटी भी थी। बस चलने लगी तो सिपाही ने किशोरी से अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी। किशोरी डर की वजह से चुप रही। बस बुलंदशहर रोड पर पुरानी चुंगी के पास रुकी तो सिपाही बस से उतर गया। सिपाही के उतरते ही किशोरी ने अपनी मां को पूरी बात बता दी।
इसके बाद महिला ने शोर मचाकर बस रुकवा ली। सिपाही कुछ ही दूर गया होगा कि लोगों ने उसे दौड़ा लिया। भीड़ ने सिपाही को पकड़ उसकी पिटाई शुरू कर दी। सड़क पर मारपीट से हंगामा मच गया। पिटाई के दौरान ही सिपाही वहां से निकल भागा। घटना की सूचना किसी ने एसपी को दे दी। कप्तान ने तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिया। पुलिस वहां पहुंची लेकिन सिपाही नहीं मिला। बताते हैं कि सिपाही गढ़मुक्तेश्वर में तैनात है और वह बुलंदशहर का रहने वाला है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि पीड़ित और आरोपी दोनों में से कोई नहीं मिला। यदि तहरीर आती है तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। एसपी एमपी सिंह का कहना है कि सिपाही का नाम पता मालूम किया जा रहा है।