{"_id":"c3deb28c-88ca-11e2-9052-d4ae52bc57c2","slug":"police-busts-online-sex-racket-in-kanpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
कानपुर/ब्यूरो
Updated Sat, 09 Mar 2013 08:47 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने शुक्रवार रात कानपुर के विभिन्न इलाकों में छापे मारकर जिस्म फरोशी के तीन अड्डों का भंडाफोड़ किया।
विज्ञापन
यहां से टर्की की एक युवती समेत 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें रैकेट संचालक, कॉलगर्ल, ग्राहक और दलाल शामिल हैं।
पुलिस को इनसे 14 लाख रुपये कैश, करोड़ों की प्रॉपर्टी के कागजात, कार, कई मोबाइल, लैपटॉप, अश्लील सीडी और भारी मात्रा में आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार यह धंधा इंटरनेट और मोबाइल से बुकिंग के जरिए चल रहा था। तीनों जगह विवाहित महिलाएं रैकेट चला रही थीं।
दिल्ली, कोलकाता की लड़कियां और महिलाएं बुकिंग पर राजधानी एक्सप्रेस और फ्लाइट से शहर आती थीं। पकड़े गए सभी आरोपियों पर पीटा के तहत कार्रवाई की गई है।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि भ्रूण परीक्षण और भ्रूण हत्या का स्टिंग ऑपरेशन कराने वाले समाजसेवी संजय सिंह ने ही सेक्स रैकेट के भंडाफोड़ में मदद की।
महिला दिवस के दिन एक साथ छापेमारी कर इस घिनौने कृत्य को पकड़ा गया। प्रमाण के लिए वेबसाइट से सेलफोन तक की पूरी डीलिंग रिकॉर्ड की गई है।
समाजसेवी और पुलिस वालों को ग्राहक बनाकर लड़कियों के पास भेजा गया था। किदवई नगर थानाक्षेत्र के निराला नगर में रतनदीप अपार्टमेंट पर छापा मारकर विवाहिता शालिनी गुप्ता उर्फ रेनू को सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में पकड़ा गया। यहां से शालिनी, विदेशी सहित चार युवतियां, एक दलाल और ग्राहक पकड़े गए हैं।
विज्ञापन
इनसे करीब 13 लाख 87 हजार रुपये, छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, आठ सीडी मिले हैं। इसके अलावा नौबस्ता थानाक्षेत्र के केशव नगर में किराए के मकान में विवाहिता अंजली को भी रैकेट चलाने के आरोप में पकड़ा गया। यहां से तीन युवतियां और चार ग्राहक पकड़े गए।
विज्ञापन
इनसे 16 हजार रुपये, सात मोबाइल और आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गई हैं। थानाक्षेत्र चकेरी के श्याम नगर स्थित मानस मंदिर अपार्टमेंट में विवाहिता पूनम गुप्ता को रैकेट चलाने में पकड़ा गया।
यहां से संचालिका समेत तीन युवतियां, एक ग्राहक और संचालिका के पति को गिरफ्तार किया गया। इनसे 19 हजार रुपये, सात मोबाइल एवं आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं।
विदेशी बाला का रेट हाई
एसएसपी ने बताया कि किदवईनगर से पकड़ी गई लड़कियों में से एक टर्की की है। उसका पासपोर्ट अभी नहीं मिल पाया है। उसकी भाषा भी कम समझ में आ रही है।
गिरोह के लोगों ने विदेशी होने की वजह से इसका रेट हाई रखा था। डीलिंग के समय इसके लिए एक्स्ट्रा रेट भी तय होता था। इसका वर्तमान रेट 50 हजार रुपए प्रति रात तय किया गया था।
पैठ बहुत गहरी
रैकेट में बांग्लादेशी, नेपाली लड़कियों के भी शामिल होने की संभावना है। एसएसपी के अनुसार अभी इस रैकेट का केवल एक हिस्सा पकड़ में आया है। इनकी पैठ बहुत गहरी है।
किदवई नगर के रतन अपार्टमेंट में रैकेट चलाने की आरोपी शालिनी गुप्ता उर्फ रेनू फिर पकड़ी गई है। इसका लखनऊ में भी फ्लैट है जहां कई नेता और अफसर कॉलगर्ल के लिए आते हैं।
प्राथमिक विवेचना और जिस्म फरोशी के अड्डों पर मिली डायरियों और मोबाइल में फीड नंबरों से यह पता चला है कि इन हाई प्रोफाइल अड्डों पर कई नामी उद्यमियों, कारोबारियों, नेताओं, अफसरों और पत्रकारों का भी आना-जाना था।
कई और चेहरे बेनकाब होंगे
अभी कई और भी चेहरे बेनकाब होंगे। एसएसपी ने बताया कि इन सभी पर पीटा की कार्रवाई की जा रही है। कुछ फ्लैट सील हो चुके और कुछ किए जा रहे हैं।
मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद इन्हें बेदखल कर संपत्ति कुर्क भी की जाएगी। इंटरनेट और सेलफोन से बुकिंग की वजह से 67 आईटी एक्ट भी लगाया जा रहा है। वेबसाइट के संचालक और निर्माताओं को दबोचने के लिए भी कवायद की जा रही है।
यहां से पकड़ा गया सेक्स रैकेट
थानाक्षेत्र किदवई नगर: स्थान-- निराला नगर रतनदीप अपार्टमेंट
विवाहिता शालिनी गुप्ता उर्फ रेनू पर संचालिका होने का आरोप। यहां से संचालिका, चार युवतियां, एक दलाल और ग्राहक पकड़े गए हैं। इनसे करीब 13 लाख 87 हजार रुपए, छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, आठ सीडी और कंडोम मिले हैं।
थानाक्षेत्र नौबस्ता: स्थान-- केशव नगर किराए का मकान
विवाहिता अंजली पर संचालिका होने का आरोप। संचालिका समेत तीन युवतियां एवं चार ग्राहक पकड़े गए। इनसे 16 हजार रुपए, सात मोबाइल एवं कंडोम पकड़े गए।
थानाक्षेत्र चकेरी: स्थान-- श्याम नगर का मानस मंदिर अपार्टमेंट
विवाहिता पूनम गुप्ता पर संचालिका होने का आरोप। यहां से संचालिका समेत तीन युवतियां, एक ग्राहक एवं संचालिका का पति गिरफ्तार किया गया। इनसे 19 हजार रुपए, सात मोबाइल एवं आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं।
जैसी पसंद, वैसा रेट
हाई प्रोफाइल के अलावा भी इस रैकेट ने एक स्तर तय कर रखा था। 25 हजार और 50 हजार रुपए की बुकिंग में जगह, भोजन, शराब एवं अन्य सुविधाएं शामिल थीं।
वहीं वेबसाइट से लड़कियों की बुकिंग पसंद के मुताबिक की जाती थी। उसमें जैसी पसंद वैसा रेट था। खुद की जगह उपलब्ध कराने पर रेट पसंद और उम्र के मुताबिक था। वहीं यदि संचालिका जगह उपलब्ध कराती थी तो उनका रेट न्यूनतम 25 हजार रुपए पहुंच जाता था।
कई रसूखवालों से संबंध
सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में पकड़ी गई संचालिकाओं ने पुलिस टीम को धौंस में लेने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि कई रसूखवाले लोग उनकी पहुंच में हैं।
पुलिस को इनकी डायरी, मोबाइल में कई ऐसे नंबर मिले हैं, जो नेताओं, पुलिस, प्रशासनिक अफसरों, पत्रकारों के हैं। एसएसपी यशस्वी यादव ने स्वीकार किया कि कॉल डिटेल और डायरी में मिले नंबरों, नाम-पता में कुछ ऐसे रसूखदार लोगों के नाम हैं, जिन्हें फिलहाल सार्वजनिक करना ठीक नहीं है। पुलिस पुख्ता प्रमाण जुट जाने पर ही इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पुलिस अभी इन्हें मान रही पीड़ित
एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि संचालिकाओं पर पीटा लगा दिया गया है। परंतु इनके यहां से पकड़ी गई कॉलगर्ल्स को अभी प्राथमिक तौर पर पीड़ित (विक्टिम) माना जा रहा है। हालांकि इनके कई साल से इस धंधे में लिप्त होने की बात स्वीकार की गई है। इससे यह संभावना बढ़ गई है कि यह मर्जी से रैकेट में शामिल हो चुकी हैं।
टीम को 85 हजार के इनाम की संस्तुति
एसएसपी ने बताया कि टीम को उनकी ओर से 10 हजार रुपए का इनाम दिया गया है। वहीं डीआईजी ने 25 हजार और आईजी ने 50 हजार रुपए की संस्तुति की है।
खुलासा करने वाली टीम में सीओ बाबूपुरवा पवित्र मोहन त्रिपाठी, एसओ किदवई नगर जयवीर सिंह यादव मय टीम, एसओजी प्रभारी संजय कुमार (मय टीम) शामिल हैं। इसमें एसएसपी पीआरओ शीलेश कुमार यादव और रीडर अनिल कुमार शाही का विशेष सहयोग रहा।
पुलिस की भूमिका का जांच होगी
जिन थानाक्षेत्रों में कॉलगर्ल रैकेट चल रहा था। वहां के इलाकाई पुलिस की भूमिका की जांच होगी। एसएसपी ने बताया जांच कर पता लगाया जाएगा कि जिस्म फरोशी के धंधे की इलाकाई पुलिस को जानकारी थी अथवा नहीं?
कहीं धंधे के एवज में पुलिस पैसा तो नहीं वसलूती थी? इलाके की पुलिस को इस धंधे की भनक क्यों नहीं लगी? इन सभी बिन्दुओं पर पड़ताल होगी। यदि पुलिसकर्मी दोषी मिले तो कार्रवाई होगी।